शामली। समाजवादी पार्टी ने लोकबंधु राजनारायण की 34वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। गढ़ीपुख्ता में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर सुधीर पंवार ने कहा कि राजनारायण का भारत में लोकतंत्र की रक्षा करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के निर्वाचन के विरुद्घ याचिका दायर की तथा उनका चुनाव अवैध घोषित कराया, जिसके कारण बाद में आपातकाल लगा। आपातकाल के बाद राजनारायण ने सभी विपक्षी नेताओं को एक प्लेटफ़ॉर्म पर लाकर जनता पार्टी की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नगराध्यक्ष मुस्तकीम ने कहा कि देश वर्तमान में अघोषित आपातकाल से गुजर रहा है। विपक्ष एवं किसानों की आवाज दबाने के लिए सरकारें पुलिस का सहारा ले रहीं हैं। विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है तथा सड़क पर जनता की आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। युवा नेता प्रियांशु ने कहा कि युवाओं को राजनारायण के जीवन से प्रेरणा लेकर लोकतंत्र बचाने का संकल्प लेना होगा। मौके पर नमित पंवार, विनीत, सचिन, रवि एवं जावेद जंग मौजूद रहे।
---------