कांधला। कसौंदी की फली खाने से एक परिवार के बच्चों की हालत बिगड़ गई, जिसमें एक बच्ची ने दम तोड़ दिया, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नई बस्ती कांधला देहात निवासी दिलशाद रुड़की के गांव लंढोरा स्थित भट्ठे पर अपने भाई मेहरबान के साथ रहकर मजदूरी करता है। दिलशाद के मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर बेटी पांच वर्षीय मंतसरा व सात वर्षीय सायरा खेल रही थीं। इस दौरान उनके साथ उसके भाई मेहरबान की बेटी सुहाना भी खेल रही थी।
उन्होंने पास में ही खेत पर लगे कसौंदी के पेड़ से फली तोड़कर खा ली, जिसके बाद तीनों की हालत बिगड़ गई। उन्हें गांव में ही एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें रुड़की के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन दिलशाद तीनों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गया। क्योंकि उसका रिश्तेदार एक बड़े चिकित्सालय में नौकरी करता है। दिलशाद के मुताबिक रास्ते में मंतसरा की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। जिस कारण उन्हें कांधला वापस आना पड़ा। यहां दिलशाद ने दोनों बालिकाओं को सीएचसी में भर्ती कराया।