कैराना। हरियाणा के पानीपत जिले में धान बेचने जा रहे यूपी के दर्जनों किसानों को हरियाणा पुलिस ने यमुना पुल पर धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों समेत रोक लिया, जिससे किसानों ने हंगामा किया। बाद में लाठियां फटकारकर धान से लदी ट्रालियों सहित वापस भगा दिया।
बृहस्पतिवार को यूपी के कंडेला निवासी अरविंद, मांगेराम, प्रमोद, व बहावड़ी निवासी दीपक, ब्रह्मसिह आदि दर्जनों किसान पानीपत जिले की मंडी में धान बेचने जा रहे थे। जैसे ही किसान कैराना यमुना पुल पार कर हरियाणा सीमा में पहुंचे, तो पानीपत जिले की पुलिस ने उन्हें रोक लिया तथा वापस जाने के लिए कहा। इस पर किसानों ने वहां हंगामा कर दिया।
पुलिस ने किसानों पर लाठियां फटकारकर उन्हें वापस भगा दिया। इस प्रकार ट्रालियां वापस किए जाने के कारण यमुना पुल पर जाम की स्थिति बन गई। यमुना पुल चौकी ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
उधर हरियाणा पुलिस चौकी के इंचार्ज एसआई अथहर सिंह ने बताया कि हरियाणा प्रशासन के उच्चाधिकारियों द्वारा निर्देश मिले हैं कि यूपी के धान की हरियाणा में खरीद नहीं हो। यूपी से हरियाणा आने वाले धान को रोक दिया जाए।
गंदराऊ निवासी किसान तस्सवर, सरवर, मन्ना माजरा निवासी महबूब, सलीम, तासिम, कंडेला निवासी अरविंद आदि का कहना है कि यूपी के किसान फसल की बुआई पर हरियाणा के आढ़तियों से रुपये उधार लेते हैं, जिन्हें फसल बेचकर चुकता किया जाता है। हरियाणा पुलिस द्वारा यूपी के किसानों का धान हरियाणा में जाने से रोकने पर नाराजगी जताई।