ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों की पढ़ाई पर ध्यान देने की जरूरत
शामली, चौसाना। गांव में पोषण पखवाड़ा के तहत बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ डीएम जसजीत कौर ने फीता काटकर किया। डीएम ने खनन निधि से छोटे बच्चों को बैठने के लिए कुर्सी, छोटी मेज, अलमारी व खिलौने भेंट किए। डीएम ने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया।
डीएम ने कहा कि सभी को अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करनी चाहिए, अच्छी पढ़ाई की बदौलत ही बच्चे उच्च पदों पर रहकर देश व समाज की सेवा करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों लड़कियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इस मौके पर चौसाना के आंगनबाड़ी केंद्रों पर चार बच्चों का अन्नप्रासन्न कराया गया। पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई और 36 किशोरियों को सेनेटरी नैपकिन पैड का वितरण किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं और किशोरियों का स्वास्थ्य ठीक रहता है तो पूरे परिवार का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। लड़की की कम उम्र में शादी कर दी जाती है तो उससे कुपोषित बच्चा पैदा होगा। इस प्रकार कुपोषण का चक्र चलता रहेगा। हमें कुपोषण का चक्र तोड़ना है।
इस अवसर पर किशोरी हेल्थ कैंप के माध्यम से किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण, स्वास्थ्य पोषण और स्वच्छता की शिक्षा दी गई। आयरन की गोली एवं सैनेटरी नैपकिन पैड का निशुल्क वितरण किया गया। कोरोनारोधी टीकाकरण कराने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने को प्रेरित किया। कार्यक्रम में डीडीओ प्रमोद कुमार, बीएसए राहुल मिश्रा, बीडीओ प्रवीन कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी गजेश सैनी व ग्राम प्रधान सिमरन कौर उपस्थित रहे।
चौसाना में पोषण पखवाडा कार्यक्रम में भाग लेती डीएम जसजीत कौर व अन्य अधिकारी- फोटो : SHAMLI