एनसीसी के सी सर्टिफिकेट में धोखाधड़ी के आरोप की जांच शुरू
थानाभवन। अल्पाइन कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्र-छात्राओं ने एसडीएम शामली को शिकायती पत्र देकर एनसीसी के सी सर्टिफिकेट के नाम पर धोखाधड़ी कर फीस वसूलने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। एसडीएम शामली ने जांच करा कार्रवाई का आश्वासन दिया था। एसडीएम शामली के आदेश के बाद डीआईओएस ने चौधरी मानसिंह राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को जांच सौंपकर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का आदेश दिया।
कस्बा थानाभवन में अल्पाइन एजुकेशन ऑफ कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने पिछले सप्ताह एसडीएम शामली संदीप कुमार को एक शिकायती पत्र देते हुए कॉलेज के प्राचार्य व प्रबंधक समिति पर एनसीसी के सी सर्टिफिकेट के नामों पर फीस वसूली करने व धोखाधड़ी से एडमिशन करने का आरोप लगा कार्रवाई की मांग की थी। एसडीएम शामली संदीप कुमार ने डीआईओएस सरदार सिंह को जांच कराने के निर्देश दिए। डीआईओएस ने शामली के कंडेला में स्थित चौधरी मान सिंह राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अमित मलिक को जांच कर एक सप्ताह रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया। इस मामले में अमित मलिक ने बताया कि उन्हें इस मामले की जांच जांच दी गई है। डीआईओएस सरदार सिंह का कहना है कि एसडीएम के आदेश पर प्रधानाचार्य अमित मलिक को जांच सौंपी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।