कैराना में एक मकान की तलाशी लेकर वापस आती नारकोटिक्स टीम और पुलिस।
- फोटो : SHAMLI
कैराना (शामली)। नशीली दवाइयों के मामले में एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) दिल्ली की कई टीमों ने कस्बे में दबिश डाली। इस दौरान टीम ने दो मेडिकल स्टोर संचालकों को हिरासत में लिया। इसके अलावा टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ कस्बे में एक मकान की तलाशी भी ली। जानकारी मिली है, कि टीम अभी भी क्षेत्र में ही डेरा डाले हुए है।
बृहस्पतिवार सुबह एनसीसी की टीम चार गाड़ियों से कैराना कोतवाली पहुंची। नारकोटिक्स टीम के साथ क्राइम ब्रांच के जवान भी बताए गए। टीम ने मेडिकल स्टोर व्यवसाय से जुड़े कस्बे के युवकों को भी हिरासत में लिया। इसके बाद टीम ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर कस्बे के मोहल्ला खैलकलां में एक मकान पर छापा मारा। यह मकान भी मेडिकल स्टोर संचालक का बताया गया। टीम ने करीब आधा घंटे तक मकान की तलाशी ली और सदस्यों से पूछताछ की। इस दौरान स्थानीय पुलिस के साथ महिला कांस्टेबल भी थी।
सूत्रों के अनुसार नारकोटिक्स विभाग को प्रतिबंधित नशीली दवाओं के बड़े रैकेट के तार कैराना से जुड़े होने की सूचना मिली थी। जिसके चलते नारकोटिक्स टीम ने कैराना में मेडिकल स्टोर चलाने वालों की जांच की। इस मामले में जब टीम के एक अधिकारी से पूछा गया तो उन्होंने केवल इतना ही बताया कि अभी कार्रवाई चल रही है। स्थानीय पुलिस भी मामले में ज्यादा कुछ नहीं बता सकी। कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने केवल इतना ही बताया कि बाहर से एक टीम आई थी। जिसने कैराना में कुछ स्थानों पर जाकर जांच की है।