कुदरत ने छीनी छत, सरकारी से नहीं मिला सहारा
शामली। प्रधानमंत्री आवास योजना के कई पात्रों के सिर की छत कुदरत ने छीन ली, लेकिन उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला। इनमें से कई लोग किराए के मकान में गुजर-बसर कर रहे हैं। जबकि कुछ जर्जर मकान के किसी एक हिस्से में रह रहे हैं। डूडा कार्यालय के चक्कर काटकर अब ये लोग थक चुके हैं। शासन स्तर पर किस्त अटकने से इन लोगों को अपना मकान नहीं मिल पा रहा है।
नगर के मोहल्ला कलंदर शाह निवासी समीर ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में आवेदन किया था। पात्रों की सूची में उनका नाम भी आया था। लेकिन अभी तक पहली किस्त नहीं मिली है। इसी वर्ष बारिश में उनका जर्जर मकान धराशायी हो गया। वह अब परिवार के साथ किराए के मकान में रहने को मजबूर है।
नगर के मोहल्ला चांद मस्जिद निवासी शमीम ने बताया कि कई वर्षों से वह जर्जर मकान में रह रहे थे। उन्होंने वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया था। लेकिन पात्रों की सूची में नाम होने के बाद भी पहली किस्त नहीं आई। पिछले वर्ष बारिश में उनका जर्जर मकान बारिश में ध्वस्त हो गया। जिसके बाद से उनका परिवार किराए के मकान में रह रहा है।
नगर के मोहल्ला कलंदर शाह निवासी तसव्वर ने बताया कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हैं। लेकिन लंबे समय बाद भी योजना की पहली किस्त उन्हें नहीं मिली। ऐसे में उन्हें जर्जर मकान में रहना पड़ रहा है। बारिश में मकान के गिरने की आशंका बनी रहती है। अधिकारियों के यहां चक्कर काटने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एक नजर में
- जांच में पात्र पाए गए लाभार्थी- 14858
- पहली किस्त पाने वाले लाभार्थी- 14046
- दूसरी किस्त पाने वाले लाभार्थी- 12677
- तीसरी किस्त पाने वाले लाभार्थी- 9065
इस तरह तीन किस्तों में मिलता है पैसा
- पहली किस्त में मिलते हैं अधिकतम 50 हजार
- दूसरी किस्त में मिलते हैं अधिकतम डेढ़ लाख
- तीसरी किस्त में मिलते हैं अधिकतम 50 हजार
कुछ लोगों की पहली, दूसरी या तीसरी किस्त शासन से प्राप्त नहीं हुई है। इस संबंध में शासन स्तर से ही कार्रवाई होनी है - शंभूनाथ तिवारी, सीडीओ।
शामली मौहल्ला चांद मस्जिद निवासी निवासी शमीम- फोटो : SHAMLI
शामली मौहल्ला कलन्दरशाह निवासी तसव्वर अपनी पत्नी के साथ- फोटो : SHAMLI