नोएडा की पुलिस ने बदमाश मंटर को पकड़ने के लिए गाजियाबाद के गांव में दबिश दी। जैसे ही बदमाश को पकड़ा, तो ग्रामीणों ने सादी वर्दी में आए पुलिसवालों पर हमला कर दिया। फायरिंग में शामली निवासी सिपाही सौरभ तिवारी की मौत हो गई।
गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में रविवार देर रात हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने के लिए सादी वर्दी में पहुंची नोएडा पुलिस से हुई ग्रामीणों की भिड़ंत में एक सिपाही की जान चली गई। निजी वाहनों से पहुंची पुलिस टीम ने अचानक दबिश देकर हिस्ट्रीशीटर कादिर उर्फ मंटर (21) को पकड़ा था और कार में लेकर चल दिए थे।
विज्ञापन
इस पर हिस्ट्रीशीटर के साथी ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने पथराव व फायरिंग शुरू कर दिया। ऐसे में कार सवार पुलिस कर्मी तो हिस्ट्रीशीटर को लेकर निकल गए, लेकिन बाइक सवार सिपाही घिर गए। फायरिंग में सिपाही सौरभ देशवाल गोली लगने से शहीद हो गए, जबकि एक अन्य सिपाही सोनित घायल हो गए। सौरभ देशवाल शामली के बधेव गांव के रहने वाले थे। इस मामले में पुलिस ने सोमवार शाम मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर के साथी नन्नू और अब्दुल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि जनपद गौतमबुद्धनगर के फेस-तृतीय थाना की पुलिस टीम ने रविवार की देर रात करीब साढे़ ग्यारह बजे सादी वर्दी और बगैर सरकारी वाहन के नहाल गांव में दबिश दी। थाना पुलिस को हिस्ट्रीशीटर कादिर उर्फ मंटर को पकड़ने के लिए दबिश देने की जानकारी नहीं दी और न ही आमदगी दर्ज कराई।
सात सिपाही सादी वर्दी में एक निजी कार और बाइक से नहाल गांव में पहुंचे और हिस्ट्रीशीटर कादिर को उसके साथियों के बीच से हिरासत में ले लिया। इसका हिस्ट्रीशटर के साथियों ने विरोध किया और टीम पर पथराव कर दिया। चार सिपाही कार में हिस्ट्रीशीटर को लेकर रवाना हो गए, जबकि बाइक सवार तीन सिपाहियों को ग्रामीणों ने घेर लिया और पथराव के साथ-साथ फायरिंग कर दी।
दोनों ओर से हुई फायरिंग में बाइक सवार सिपाही सौरभ तिवारी गोली लगने से घायल हो गए। साथियों ने सड़क पर जा रहे ऑटो से घायल सिपाही को यशोदा अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सौरभ देशवाल को मृत घोषित कर दिया। डीसीपी ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कई आरोपियों को चिह्नित कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गईं।
सोमवार की शाम करीब छह बजे स्वाट टीम को दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे पर फायरिंग में शामिल बाइक सवार दो आरोपी जाते दिखे। उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए। पूछताछ में घायलों ने अपने नाम नन्हू व अब्दुल सलाम निवासी ग्राम नहाल थाना मसूरी बताया।
पकड़े गए दोनों बदमाशों ने बताया कि कादिर उर्फ मंटर उनके गिरोह का मुखिया है और उन्होंने ही पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। दोनों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। आरोपियों के पास से तमंचा बरामद कर लिया गया है। डीसीपी ने बताया कि गौतमबुद्धनगर के उपनिरीक्षक सचिन राठी की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर कादिर उर्फ मंटर व उसके भाई और अन्य लोगों के खिलाफ मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।