भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
कैराना। दो दिन पहले ऊंचा गांव में 35 वर्षीय युवक की झगड़े के दौरान हुई मौत के मामले में उसके छोटे भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर, चार दिन पहले गांव जंधेड़ी में झगड़े में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पीड़ित पक्ष की तरफ से छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
शनिवार रात ऊंचा गांव निवासी संजय शर्मा का उसके ही छोटे भाई सतीश के साथ विवाद हो गया था। दोनों के बीच हुई मारपीट के दौरान संजय संजय के गले में रक्तस्राव हो गया था। संजय गले की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। गले में बने फोड़े से रक्तस्राव होने पर उसकी मौत हो गई थी। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गले से किसी नुकीली चीज से गहरी चोट लगने से रक्तस्राव होना पाया गया था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक की मां अमरकली की तहरीर पर मृतक के छोटे भाई सतीश के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, 21 मई को गांव जंधेड़ी में घेर के विवाद में पड़ोसियों के साथ हुए झगड़े में 26 वर्षीय सोमीन सिर में चोट लगने से घायल हो गया था। मौके पर पहुंची 112 डायल पुलिस ने एक आरोपी हारुण, निवासी जंधेडी को गिरफ्तार कर उसका शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया था। सोमवार सुबह मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान सोमीन की मौत हो गई। सोमीन के बडे़ भाई मुकीम ने फोन पर बताया कि झगड़े के बाद उन्होंने तहरीर नहीं दी थी। सुबह के समय उसके भाई की मौत हो गई। उसके भाई का पोस्टमार्टम चल रहा है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि झगड़े में तहरीर नहीं मिलने पर एक आरोपी हारुण का शांति भंग में चालान किया गया था। उपचार के दौरान घायल सोमीन की मौत की सूचना मिली है। पीड़ित पक्ष की तरफ से छह आरोपियों के विरुद्ध तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।