शामली। बागपत जिले के दोघट कस्बे में बहावड़ी गांव की पूर्व प्रधान बबली देवी के हिस्ट्रीशीटर पति विवेक उर्फ विक्की की हत्या का मुख्य आरोपी प्रिंस हरियाणा के गुरुग्राम पहुंच गया। पुलिस के अनुसार वह हर घंटे अपनी लोकेशन बदल रहा है। उसकी लोकेशन कभी गुरुग्राम तो कभी दिल्ली और फरीदाबाद में मिल रही है। उधर, गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस पीएससी तैनात है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस के साथ साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीमों को भी लगा दिया है। पुलिस ने गुरुग्राम, फरीदाबाद और दिल्ली में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लग सकी है। वहीं, शामली पुलिस ने एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
n दो माह पहले रची थी हत्याकांड की साजिश : पूर्व प्रधान बबली देवी ने बताया कि करीब दो माह से ग्रामीण उन्हें बता रहे थे कि गांव में कुछ अनजान युवक घूमते दिखाई दे रहे हैं। लोगों को आशंका थी कि कहीं कोई अनहोनी न हो जाए। हालांकि उस समय किसी से कोई विवाद नहीं होने के कारण इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। हो सकता है कि उस समय आरोपी रैकी कर रहे हो। एसपी का कहना है कि यदि इस बारे में पहले पुलिस को सूचना दी जाती तो संभव है कि विवेक की जान बचाई जा सकती थी।
n मुंडभर और छुर गांव के आरोपी भी हो सकते हैं शामिल : बहावड़ी गांव के पूर्व प्रधान पति विवेक उर्फ विक्की की हत्या में मुंडभर और छुर गांव के लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि वारदात में कई अन्य आरोपी भी शामिल थे, जिनके नाम अभी सामने नहीं आए हैं। परिवार ने आशंका जताई है कि आरोपी उनके अन्य सदस्यों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
n एसपी से मिलीं बबली : हत्याकांड के बाद बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधान बबली देवी, गठवाला खाप के थांबेदार चौधरी श्याम सिंह और अन्य लोगों के साथ एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह से मिलीं। उन्होंने बताया कि विवेक की हत्या पूरी योजना के तहत की गई है। बागपत पुलिस ने फिलहाल मामले में दो आरोपी यशवीर उर्फ रजत और उसके चचेरे भाई प्रिंस के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि घटना में अन्य लोग भी शामिल थे। परिवार का कहना है कि वे दहशत में हैं और घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।