कांधला। कस्बे के मोहल्ला रायजादगान में दूषित पानी और पेयजल आपूर्ति बाधित होने की समस्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन गंभीर है। पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पाइपलाइन की जांच और सफाई के निर्देश दिए हैं।
मोहल्ले के लोगों को पिछले कुछ समय से पानी के साथ रेत आने की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इसके कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही थी। मोहल्लेवासियों और वार्ड सभासद वकील की शिकायत पर पालिका कर्मचारियों ने कार्रवाई की। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जमीन में करीब सात फीट गहरा गड्ढा खोदा। उन्होंने पाइपलाइन की सफाई का काम शुरू कर दिया है। खोदाई कर रहे बाबर ने बताया कि पाइपलाइन में अधिक मात्रा में रेत जमा होने से पानी की आपूर्ति बाधित हो रही थी।
पाइप लाइन की सफाई का काम दो दिन में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है। पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने कहा कि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।