कांधला (शामली)। युवती के धर्मांतरण के बाद आधार कार्ड में नाम परिवर्तन के लिए फर्जी हस्ताक्षर के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने नगर पालिका के लिपिक अकरम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नगर पालिका के वार्ड-3 के सभासद दीपक सैनी, भाजपा नेता धनश्याम पार्चा, विवेक प्रेमी, रिक्की, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजीव जैन आदि लोगों ने थाने में तहरीर दी थी। जिसमें आरोप लगाया था कि कस्बे का रहने वाला रिहान ने जनपद सहारनपुर के कस्बा सरसावा निवासी अनुसूचित जाति की युवती को प्रेम जाल में फंसा कर निकाह कर लिया था। युवती का धर्मांतरण कराकर आधार कार्ड में उसका नाम बदलवाने का प्रयास किया। आवेदन पर चेयरमैन और ईओ के हस्ताक्षर और मोहर को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। मामले में भाजपा और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने लिपिक और रिहान के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर धरना दिया था।
प्रकरण को गंभीरता से लेकर एसपी शामली सुकीर्ति माधव के आदेश पर रिहान व नगर पालिका परिषद के लिपिक अकरम खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। अकरम को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल का कहना है कि मामले में एक लिपिक को जेल भेज दिया गया। जबकि मामले की जांच कर अन्य लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।