संपूर्ण समाधान दिवस में आईं 135 शिकायतें, मौके पर सिर्फ 13 का हुआ समाधान
राजस्व विभाग से जुड़े शिकायतें सबसे अधिक रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। संपूर्ण समाधान दिवस में कई अजीबोगरीब शिकायतें आईं। तोफापुर निवासी योगेंद्र ने शिकायत करके बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र नं. 1 एक में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री और सहायिका सास-बहू हैं। यह मनमानी चलाती हैं। इसे नियमों के खिलाफ बताकर जांच कराने की मांग की। गांव सठला निवासी नाजमा ने कुछ लोगों पर तेज आवाज में डीजे बजाकर परेशान करने का आरोप लगाया है। इसके अलावा अवैध कब्जों की खूब शिकायतें आईं। कुल 135 शिकायतें आईं, जिसमें से मौके पर 13 का ही निस्तारण हो सका।
एडीएम नवीन चंद्र ने एसडीएम संतोष कुमार सिंह, सीओ पंकज लवानिया के साथ लोगों की शिकायतों को सुना। सत्येंद्र कुमार ऐतमादपुर ने खाते में नाम सही कराने, धर्मपाल नंगला काटर ने कृषि भूमि पर जाने वाले रास्ते को खुलवाने, सतीश गणेशपुर ने सरकारी चकरोड को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। राजेंद्र बस्तोरा नारंग ने बैनामे के आधार पर नाम निरस्त कराने, जब्बार अकबरपुर सादात ने सरकारी तालाब कब्जा मुक्त कराने की मांग उठाई। हस्तिनापुर के अभिषेक ने सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने, ओम स्वरूप निलोहा ने सम्मान निधि दिलाने, सत्यपाल सिंह सिखेड़ा ने सरकारी नाली को खुर्द-बुर्द करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। आर्य वीर खेड़ी मनिहार ने तारों की मरम्मत करने के विषय में शिकायत की।
ओमसिंह, तेजपाल व अनिल मुबारिकपुर ने रास्ता अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रास्ता खुलवाने, दयाराम, ताराचंद, बबीता निवासी खेड़ी कला ने शिकायत में वन विभाग पर उनकी भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए उनकी भूमि को वन विभाग से कब्जा मुक्त कराने की मांग की। एडीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का तत्काल समाधान कर अगले समाधान दिवस में रिपोर्ट देने के लिए कहा।