शामली/झिंझाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव पटनी परतापुर के निकट कार की टक्कर लगने से बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मां-बेटे को आरोपी चालक ही अपनी कार से लेकर सीएचसी शामली पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने मां को मृत घोषित कर दिया सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार चालक निवासी करनाल, हरियाणा को हिरासत में ले लिया।
जनपद सहारनपुर के थाना तीतरो के गांव डूभर किशनपुर निवासी अंकित कुमार (25) अपनी मां रेखा (50) के साथ बाइक से झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव पटनी परतापुर में एक निजी चिकित्सक के यहां दवा दिलाने आया था। दवा लेने के बाद दोनों गांव लौट रहे थे। गांव पटनी परतापुर के निकट हाइवे को पार करते समय शामली से करनाल की तरफ जा रही कार की उनकी बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी कार चालक ही तुरंत घायल मां-बेटा को लेकर सीएचसी शामली पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने रेखा को मृत घोषित कर दिया। अंकित को उपचार देकर भर्ती कर लिया। सीएचसी की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया।
शामली पुलिस की सूचना पर थाना झिंझाना पुलिस सीएचसी पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। चालक प्रदीप निवासी डिपो जनेशो करनाल ने बताया कि वह परिवार के साथ रिश्तेदारी से लौट रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक कार के सामने आने पर हादसा हुआ। झिंझाना थाना प्रभारी सुशील दूबे ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है। इस मामले में अभी पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है। पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।