शामली। तेज आंधी और बारिश के बाद जिले की बिजली व्यवस्था अब तक पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी है। जिले में 100 से अधिक स्थानों पर फाल्ट आने से किसानों के नलकूपों की बिजली आपूर्ति बाधित है। इससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लिसाढ़ के किसान अमित कुमार, लांक निवासी मोहित और सुनील ने बताया कि कई स्थानों पर बिजली लाइन और खंभे टूटने के कारण आपूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही है। खेतों की पलेवा न होने से खेती कार्य प्रभावित हो रहा है। कांधला, कैराना और थानाभवन क्षेत्र में भी नलकूपों की बिजली आपूर्ति बाधित रहने से किसान परेशान हैं।
ऊर्जा निगम अधिकारियों के अनुसार जिलेभर में आंधी से 300 से अधिक बिजली के खंभे टूटे, जबकि 14 ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक ऊर्जा निगम को करीब 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। एसडीओ विनीत कुमार वर्मा ने बताया कि अधिकांश स्थानों पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। शेष स्थानों पर भी तेजी से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।