संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट के सभागार में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति, निपुण भारत मिशन टास्क फोर्स व मध्याह्न भोजन योजना टास्क फोर्स की बैठक हुई। जिसमें बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। वहीं, दिव्यांग बच्चों के लिए नियुक्त शिक्षकों की मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में बीएसए राहुल मिश्र ने विभाग की मासिक प्रगति से अवगत कराया। निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। डीएम ने ऑपरेशन कायाकल्प अंतर्गत बालक/बालिका मूत्रालय और दिव्यांग शौचालय सभी परिषदीय विद्यालयों में 15 जुलाई तक बनाने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम ने दिव्यांग बच्चों के लिए नियुक्त विशेष शिक्षकों की मॉनिटरिंग करने के लिए कहा। जिला स्तरीय टास्क फोर्स के सभी अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। डीएम ने विभाग द्वारा बनाए गए उन्नति पोर्टल का उद्घाटन किया। इस पोर्टल पर विभाग शामली की सभी योजनाएं व सूचनाएं उपलब्ध रहेंगी। पोर्टल पर जनपद शामली के परिषदीय विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता व डैशबोर्ड भी उपलब्ध रहेगा। बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारी, जिला समन्वयक, बीईओ, एसआरजी व एआरपी आदि मौजूद रहे।