कैराना (शामली)। दो नवंबर को प्रस्तावित विधायक नाहिद हसन के जेल भरो आंदोलन को सोशल मीडिया पर भी समर्थन मिल रहा है।
पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ सपा विधायक नाहिद हसन के जेल भरो आंदोलन को सोशल मीडिया पर अन्य जनपदों के नेताओं व कार्यकर्ताओं का भी समर्थन मिल रहा है। खासतौर से युवा आंदोलन को समर्थन देने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। उधर, शनिवार को नगर के चौक बाजार, मेंढकी दरवाजा, मोहल्ला बिसातियान, खुरगान रोड, घोस्सा चुंगी, कांधला तिराहा व पानीपत खटीमा राजमार्ग पर सीओ जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस व पीएसी के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला।
-------------
जनता की आवाज दबाने की हो रही कोशिश
शामली। नगर के सलेक चंद बिहार में सपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव महबूब राणा के आवास पर हुई बैठक में दो नवंबर के जेल भरो आंदोलन को समर्थन दिया गया। कहा कि विधायक जनता की आवाज उठाने का काम कर रहे हैं, जबकि सरकार उसे दबाने की कोशिश कर रही है। सपाई इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। बैठक में जमीयत उलमा ए हिंद के जिलाध्यक्ष मौलाना साजिद कासमी, दिलशाद सैफी, हाजी खालिद, गुलजार मंसूरी, समीर मिर्जा, वकील अहमद, अनीश ठेकेदार, शकील, शमसुद्दीन सैफी, उस्मान, आदि रहे।