शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव सिक्का के मजरे गोमतीपुर निवासी चार दिन से लापता 55 वर्षीय लापता ग्रामीण का शव रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ है।
गांव गोमतीपुर निवासी जनक सिंह चार दिन पूर्व घर से शामली में बुढ़ाना रोड स्थित बैंक शाखा में अपने खाते से रुपये निकालने आए थे। बैंक से लौटते समय वह रास्ते में संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे। अगले दिन दो जून को लापता के बड़े भाई मेघ सिंह ने थाना आदर्श मंडी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार दोपहर को थाना जीआरपी को रेलवे स्टेशन व बुढ़ाना फाटक के बीच रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में शव पड़ा होने की सूचना मिली। जीआरपी को मृतक की जेब से बैंक पासबुक, करीब सात हजार रुपये, अन्य कागजात मिले। जिसके आधार पर उनकी पहचान जनक सिंह निवासी गोमतीपुर के रूप में होने पर थाना आदर्श मंडी पुलिस को सूचना दी। आदर्श मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी।
आदर्श मंडी थाना प्रभारी ने बताया कि जिस दिन ग्रामीण लापता हुआ था, उस दिन शाम को उसकी अपनी बेटी से बात हुई थी। उस समय वह शराब के नशे में लग रहा था। उसके बाद से फोन बंद आ रहा था। थाना प्रभारी ने संभावना जताई कि जनक ने झाड़ियों के पास बैठकर ज्यादा शराब पी, जिससे उसकी मौत हुई हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।