गांव बाबरी में आंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त करने पर एकत्र होकर थानाध्यक्ष से वार्ता करते हुए।
बाबरी। गांव बुटराड़ा में शुक्रवार रात भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने खंडित कर दिया। सुबह खंडित प्रतिमा देखकर ग्रामीणों में रोष फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो दिन में नई प्रतिमा लगवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
गांव बुटराड़ा में बाहरी छोर पर आबादी के पास ग्राम पंचायत की भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाई गई है। इसकी देखभाल के लिए समिति बनी है। शुक्रवार देर रात शरारती तत्वों ने प्रतिमा की दाए हाथ की एक अंगुली तोड़कर प्रतिमा को खंडित कर दिया। इसकी जानकारी शनिवार सुबह ग्रामीणों को हुई तो मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलते ही बाबरी थाना प्रभारी राहुल सिसौदिया मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया।
ग्रामीणों ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इसे लेकर मौके पर काफी देर तक गहमा-गहमी का माहौल बना रहा। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को दो दिन में नई प्रतिमा लगवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने फिलहाल प्रतिमा को पॉलिथीन से कवर करा दिया है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनुज चौधरी उर्फ बिल्लू, पप्पन देसिया, अमित कुमार, प्रवेश, अनुज कुमार, सुखविंद्र व नीटू आदि मौजूद रहे। इस मामले में अभी किसी की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2012 में भी प्रतिमा की गई थी खंडित
गांव बुटराड़ा में इसी स्थान पर लगी डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने 2012 में भी खंडित किया गया था। उस दौरान पुलिस प्रशासन ने आंबेडकर प्रतिमा स्थल की चहारदीवारी कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक चहारदीवारी का निर्माण नहीं कराया गया।