शामली। अमर उजाला के हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में शनिवार को लोगों को घर बैठे ही फोन पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान कराया गया। इस कार्यक्रम में सीएचसी शामली के चिकित्साधिकारी डॉ. शुभम दोपहर एक से दो बजे तक कार्यालय में मौजूद रहे। उन्होंने लोगों को गर्मी में धूप से बचाव करने और तरल पदार्थों का सेवन ज्यादा करने पर जोर दिया। उन्होंने सलाह दी कि अगर लू लगने लगने के लक्षण नजर आए तो बिना देरी किए चिकित्सक की सलाह से उपचार कराना चाहिए।
सवाल: मेरी उम्र 75 वर्ष है। मेरा आधा पैर सुन रहता है। (सुरेंद्र सिंह, मुंडेट कला)
जवाब: यह न्यूरोपैनिक पेन यानि नसों का दर्द हो सकता है। इसके लिए एक बार सीएचसी शामली में आकर कक्ष नंबर 25 में उन्हें दिखाएं।
सवाल : कुत्ते के काटने पर क्या करना चाहिए। (सौरभ, शामली)
जवाब : कुत्ते के काटने के बाद घाव को 15-20 मिनट तक घर में प्रयोग होने वाले साबुन से धोना चाहिए। लाल मिर्च, नमक आदि बिल्कुल नहीं लगाना चाहिए और पट्टी भी नहीं बांधनी चाहिए। नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर एंटी रेबीज की वैक्सीन लगवानी चाहिए।
सवाल : मेरा बेटा पांच साल का है, उसे भूख तो लगती है, लेकिन लंबाई नहीं बढ़ रही है। (रामकुमार, शामली)
जवाब : बच्चे को समय पर भूख लगना व नींद आ रही है तो बच्चा स्वस्थ है। बच्चों की लंबाई ज्यादातर उसके माता-पिता पर निर्भर करती है। आठ से दस साल की उम्र में लंबाई ज्यादा बढ़ती है।
सवाल : लू लगने के लक्षण क्या है और बचाव कैसे किया जा सकता है। (सचिन, फतेहपुर)
जवाब : लू लगने के लक्षण शरीर का तापमान सामान्य से ज्यादा होना। ज्यादा प्यास लगना और बुखार होना आदि होते हैं। इससे बचाव के लिए धूप में बाहर न निकले। अगर निकले तो सिर पर कपड़ा या छाता लगाकर जाए। बुखार होने पर पैरासिटामोल ले सकते हैं। कोई समस्या हो तो चिकित्सक की सलाह ले।
सवाल : मेरी उम्र 44 वर्ष है। कोविड के बाद से मुझे शुगर की समस्या बन गई है (विकास, चौसाना)
जवाब : शुगर एक दम से कम नहीं होगी। इसके लिए लंबे समय तक दवा लेनी होगी। मीठे फल आम, आलू आदि न खाए। अपनी सभी जांच रिपोर्ट लेकर सीएचसी में आकर उन्हें दिखाए।
सवाल : मेरा बच्चा चार साल का है। उसका मानसिक व शारीरिक विकास कम है। (भूरा, कैराना )
जवाब : शासन की तरफ से बच्चों के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसमें कुपोषित, अतिकुपोषित बच्चों का निशुल्क उपचार व देखभाल की जाती है। इसके लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में चिकित्सक को दिखाएं।
सवाल : मेरी उम्र 47 वर्ष है। आइसक्रीम खाने से खांसी व बलगम की समस्या बन गई। (कुलदीप पुंडीर हिरनवाड़ा)
जवाब। आइसक्रीम खाने से छाती फेफड़े में इन्फेक्शन हो सकता है। इसके लिए दवा लेनी पड़ेगी। सीएचसी में आकर उन्हें दिखाएं।
सवाल : खाने के बाद खट्टी डकार आती है व खांसी भी उठती है। (रूपेश सैनी चौसाना, अजय कैराना )।
जवाब: यह हाइपर एसिडिटी की समस्या है। चाय या भारी चीज का सेवन न करें। खाना खाने के बाद एक दम से बेड पर लेटना नहीं चाहिए। दही में चीनी न डाले। गैस तेजाब के लिए लंबे समय तक दवा न ले, इससे नुकसान हो सकता है।
सवाल : मुझे 10 दिन से बुखार आ रहा है और पेट में दर्द रहता है। (मोहित थानाभवन)
जवाब : यह टाइफाइड हो सकता है। इसके लिए अस्पताल में आकर चिकित्सक की सलाह से विडाल की जांच कराएं।
सवाल : मासिक धर्म में रक्तस्राव ज्यादा होता है, क्या करना चाहिए। (कांधला निवासी महिला)
जवाब : मासिक धर्म के दौरान चार-पांच दिन से ज्यादा समय तक रक्तस्राव होना गलत है। इससे अन्य बीमारियों के होने का खतरा रहता है। सर्वाइकल कैंसर भी हो सकता है। चिकित्सक की सलाह से उपचार कराएं।
सवाल : गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी के लिए सरकारी अस्पताल में क्या सुविधा मिलती है। (शालिनी, थानाभवन)
जवाब : गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी से पूर्व व उसके बाद उपचार, टीकाकरण व देखभाल की सुविधा के साथ प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।
सवाल : सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीन का टीका कब और कहां लगता है। (सरोज देवी, शामली)
जवाब : शासन की तरफ से 15 वर्ष से कम आयु की किशोरी को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीन का टीका सीएचसी शामली व अन्य अस्पतालों में निशुल्क लगाया जाता है।
सवाल : मेरी उम्र 24 वर्ष है। करीब छह माह से मेरे पैरों में दर्द रहता है। बारिश व सर्दी के मौसम में ज्यादा होता है।
जवाब : यह मांसपेशियों का दर्द हो सकता है या अन्य कोई कारण भी हो सकता है। एक बार आकर उन्हें दिखाए।