शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में खरड़-लांक मार्ग पर बाइक सवार भाई-बहन से दो बदमाशों ने कानों के कुंडल, पांच हजार रुपये लूट लिए। शामली और फुगाना थाना पुलिस ने बदमाशों की तलाश में जंगलों में कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आ सके।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव लांक निवासी सचिन की बहन कीर्ति रक्षाबंधन पर अपने घर आई हुई है। बुधवार शाम सचिन बहन को मुजफ्फरनगर से दवा दिलवाकर बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे खरड़ गांव से लांक जाने वाले मार्ग से आ रहे थे तो रास्ते में खेत से निकले दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने आतंकित करते हुए कीर्ति से सोने के कुंडल और सचिन से पांच हजार रुपये लूट लिए। बदमाश खेत के रास्ते ही फरार हो गए। सूचना पर पुलिस के साथ ही ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ड्रोन कैमरे से भी बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।