शामली। लोगों को बिजली कटौती से निजात दिलाने के लिए ऊर्जा निगम ने तैयारी कर ली है। 50 ट्रांसफार्मरों और दो उपकेंद्रोंं की जहां क्षमता वृद्धि करा दी गई है। वहीं खोड़समा और कनियान में जल्द ही उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि होगी।
दरअसल, लोड अधिक होने के कारण शामली, कैराना, जलालाबाद, थानाभवन, ऊन क्षेत्र के लोग बिजली कटौती से परेशान है। लोग विभागीय अधिकारियों से लगातार समस्या से निजात दिलाने की मांग कर रहे थे।
अधीक्षण अभियंता राजेश तोमर ने बताया कि 19 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया था। जिसमें करौंदा महाजन, कुरमाली, बाबरी, केराना, सिलावर, टिटौली, केयर टू, मंसूरा, जमालपुर, खेड़ी, सिक्का, मामौर समेत 50 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़वाकर 250 केवीए कराई गई है। इसके अलावा भैंसवाल और इंस्सोपुर टील फीडर की क्षमता बढ़ाई गई है। जल्द ही खोडसमा और कनियान की भी क्षमता बढ़ा दी जाएगी।
कहा कि जर्जर ताराें को बदलने का कार्य भी चल रहा है। जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा। कार्य होने क बाद लोगों को बिजली के बार बार होने वाले फाल्ट से कुछ हद तक निजात मिल सकेगी।
बिजली चोरी रोकने में नाकाम एसडीओ, जेई को लगाई फटकार
अधीक्षण अभियंता ने लाइन लॉस कम करने के लिए जेई और एसडीओ की बैठक ली। चोरी रोकने में नाकाम एसडीओ और जेई को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि बिजली चोरी पर हर हाल में अंकुश लगाए। छापामारी भी लगातार की जाए।
30 से अधिक स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी
ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने शामली, कैराना, जलालाबाद, थानाभवन क्षेत्र में अभियान चलाया। 30 से अधिक स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि जल्द ही सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।