शामली। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। पिछले साल की तुलना में इस साल इसमें 160 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।
एडीएम (न्यायिक) एवं जिला खरीद अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि जनपद में खाद्य विभाग की विपणन शाखाओं सहित कुल 26 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। गेहूं खरीद के लिए किसानों के लिए खाद्य विभाग के ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है, जिसका लिंक पहले ही सक्रिय किया जा चुका है।
किसान पंजीकरण के समय अपने आधार में मोबाइल नंबर अंकित कराएं ताकि एसएमएस द्वारा प्राप्त ओटीपी नंबर भरकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सके। किसानों से अनुरोध किया गया है कि आधार में मोबाइल नंबर अपडेट या फीड कराने के लिए नजदीकी आधार इनरोलमेंट/अपडेट सेंटर (डाकघर या बैंक) का सहारा लें।
गेहूं की बिक्री के 48 घंटे के भीतर पीएफएमएस के माध्यम से किसानों के आधार लिंक बैंक खातों में भुगतान किया जाएगा।