कांधला। नगर को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका कांधला प्रशासन ने बुधवार को मेगा सफाई अभियान की शुरुआत की।
अभियान के तहत नगर के सभी वार्डों, गलियों, मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और नालियों की व्यापक सफाई की गई। अभियान का नेतृत्व स्वयं नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने किया। उन्होंने अधिकारियों और सफाईकर्मियों के साथ नगर भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और मौके पर ही सफाई कार्यों का जायजा लिया।
नगर पालिका प्रशासन के निर्देश पर सफाईकर्मी सुबह से ही फील्ड में सक्रिय हो गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली, कूड़ा कलेक्शन वाहन और मैनुअल संसाधनों की मदद से गंदगी, कचरा, मलबा और जलभराव को हटाया गया। साथ ही सड़कों की धुलाई, नालियों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों पर कीटनाशक छिड़काव का कार्य भी किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने कहा, हमारा संकल्प है कि कांधला को स्वच्छता के क्षेत्र में एक मिसाल बनाया जाए। यह केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि एक सतत चलने वाली प्रक्रिया है। नगर की जनता को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।