झिंझाना क्षेत्र के गांव लपराना में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के समापन पर ट्रॉफी देते गन्नामंत्?
- फोटो : SHAMLI
बालिका वर्ग में मेरठ, बालक वर्ग में गाजीपुर बने चैंपियन
शामली। लपराना में चल रही प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के फाइनल में गाजीपुर ने बागपत को छह अंकों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। बालिका वर्ग में मेरठ ने शामली को मात दे ट्रॉफी कब्जाई। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
लपराना के होली चाइल्ड इंटर कालेज के मैदान में चल रही प्रतियोगिता में रविवार को लीग सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। बालिका वर्ग में मेेरठ की टीम ने मुजफ्फरनगर को सात अंकों से मात दी। शामली ने हापुड़ को 12 अंकों से हराया। फाइनल में शामली और मेरठ के बीच बेहद रोचक मुकाबला हुआ। जिसमें मेरठ ने शामली को केवल एक अंक से मात देकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
बालक वर्ग के सेमीफाइलन में बागपत ने मुजफ्फरनगर को दो अंकों से मात दी। दूसरे सेमीफाइनल में गाजीपुर ने हापुड़ की टीम को 12 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला गाजीपुर और बागपत के बीच हुआ। जिसमें गाजीपुर ने बागपत को छह अंको से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा कर लिया।
प्रतियोगिता के समापन पर पहुंचे प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने विजेता टीम के खिलाड़ियों से परिचय लिया और उनको ट्रॉफी और पुरस्कार दिए। उन्होंने से कहा कि शामली के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हर गांव में खेल प्रतिभा है, इन्हें आगे लाने को सरकार खेलों को प्रोत्साहित कर रही है। खेलो इंडिया से कई प्रतिभावान खिलाड़ी आगे आए हैं। भाजपा नेता और एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने भी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। भाजपा नेता प्रसन्न चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन करने बहुत जरूरी है। प्रतियोगिता के आयोजक आजाद चौधरी और कुलदीप तोमर ने बताया कि प्रतियोगिता में कई अच्छे मुकाबले हुए हैं। उन्होंने बताया कि एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों को प्रेक्टिस के लिए कबड्डी मैट देने की घोषणा की है। आयोजन में जबर सिंह खैवाल, सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर, संजीव प्रधान, ऋषिपाल धनैना, झिंझाना चेयरमैन नौशाद कुरेशी मौजूद रहे। संचालन रणपाल और पंकज ताना ने किया।