कस्बे के बाजार में हुए अतिक्रमण पर प्रशासन का डंडा चलना शुरू हो गया है। एसडीएम ने फोर्स के साथ अभियान चलाकर दुकानों के बाहर हुए अतिक्रमण हटवाया। कई दुकानदारों ने विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने एक दुकानदार को हिरासत में ले लिया है।
शुक्रवार को एसडीएम डॉ. अमित पाल शर्मा, तहसीलदार रणबीर सिंह, कैराना कोतवाल भगवत सिंह के साथ भारी पुलिस बल लेकर सबसे पहले पालिका बाजार पहुंचे। यहां सड़कों पर खडेे़ ठेले रेहड़े वालों को हटाया। दुकानों के बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों का सामान हटवाया। इसके बाद टीम कुछ जगह पुलिसकर्मियों ने व्यापारियों के बाहर रखे सामान को उठाकर उसकी दुकान के अंदर बेगमपुरा, चौक बाजार, जोड़वा कुआं से होते हुए मीना मार्केट में पहुंच गई। यहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करते ही एक व्यापारी टीम से उलझ गया। उसकी टीम से नोकझोंक हो गई। टीम ने उससे सामान हटाने को कहा तो उसने साफ कह दिया कि जहां तक उसकी टीन शेड है वहां तक सामान रखेगा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बाद में टीम निर्मल चौराहे से होते हुए पुराना बाजार, जामा मस्जिद से वापस सर्राफा बाजार, जोड़वा कुआं, चौक बाजार से होते हुए गौशाला रोड तक अतिक्रमण हटवाया। टीम ने आर्य कन्या इंटर कॉलेज और पब्लिक इंटर कॉलेज के आसपास से भी अतिक्रमण हटवाया। टीम में महिला पुलिस कर्मी भी शामिल रही।
बाल बाल बचे एसडीएम
बेगमपुरा चैक बाजार में प्राथमिक कन्या विद्यालय के निकट जब एसडीएम डॉ. अमित पाल शर्मा द्वारा अतिक्रमण हटाया जा रहा था, उसी दौरान एक दुकानदार की दुकान के आगे लगा छप्पर अचानक गिर गया। जिससे एसडीएम बाल बाल बचे। इस पर अधिकारियों ने दुकानदार को चेतावन देकर छोड़ दिया।
नाबालिग चल रहे ई रिक्शा, ट्रिपल राईडिंग भी पकड़ी
अतिक्रमण हटवाने के दौरान चैक बाजार में नाबालिग को ई-रिक्शा चलाता देख उसे रोक लिया और ई-रिक्शा को पकड़कर कोतवाली में बंद कर दिया गया। जोड़वा कुआं, देवी मंदिर रोड पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर ट्रिपल ड्राइविंग करने वालों की दो बाइक पकड़ ली गई। इसके अलावा किलागेट चौकी के निकट फल की ठेली पर खड़े दो बच्चों से भी एसडीएम ने पूछताछ की।
संदिग्धों की भी क्लास ली
कैराना। प्रशासन और पुलिस टीम ने अतिक्रमण हटाने के साथ बाजारों में घूमने वाले संदिग्ध युवकों की भी क्लास ली। उसने पूछताछ कर उनके यहां घूमने की वजह पूछी गई। जिससे यहां घूमने वाले शोहदों में भी खलबली मची रही।
कोट
अतिक्रमण हटाने को दो दिन का पहले ही समय दिया गया था। शनिवार को उसकी अवधि खत्म हो जाएगी। शनिवार को जेसीबी चलाकर अतिक्रमण हटवा दिया जाएगा। विरोध करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - डॉ अमित पाल शर्मा, एसडीएम कैराना
अतिक्रमण हटवाते हुए किया फ्लैग मार्च
थानाभवन। आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने कस्बे में फ्लैग मार्च करते हुए बाजार से अतिक्रमण हटवाया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार, आरआरएफ के प्लाटून कमांडर अरविंद कुमार, कस्बा इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह व सुशील त्यागी के नेतृत्व में पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स के साथ मिलकर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने कस्बे में विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण हटवाया और कई लोगों को शीघ्र अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। इसके बाद पुलिस ने सभी व्यापारियों के पास पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनी और शीघ्र कार्रवाई करने के लिए कहा। पुलिस ने त्योहारों के मद्देनजर सभी से कस्बे में भाईचारा बढ़ाने की अपील की।