करवाचौथ के पर्व को लेकर क्षेत्र की महिलाएं काफी उत्साहित नजर आईं। महिलाओं की सजने संवरने के लिए सुबह से ही शहर के ब्यूटी पार्लरों में भीड़ उमड़ी रही।
शुक्रवार को महिलाओं के सबसे प्रिय त्योहार करवाचौथ की तैयारी को लेकर महिलाओं की ब्यूटी पार्लरों पर भीड़ उमड़ी रही। शहर के ज्यादातर पार्लर भरे रहे। महिला सुबह से ही सजने संवरने के लिए घर से ब्यूटी पार्लरों पर पहुंचनी शुरू हो गई। पार्लरों पर महिलाएं व युवतियां फेशियल, ब्लीच, थ्रेडिंग, वैक्स, हेयर स्पा, हेयर स्पा, हेयर क्लर, फुल मेकअप आदि कार्य कराती नजर आई। शहर के सबसे बड़े ब्यूटी पार्लर वी-1 पर भी करवाचौथ के अवसर पर महिलाओं को लुभावने पैकेज दिए जा रहे है। पार्लर संचालिका कविता ने बताया कि 3400 वाला पैकेज 2500 रुपये में, 2500 वाला पैकेज 1500 रुपये में, 2300 वाला पैकेज 1700 रुपये में, 8000 वाला पैकेज 5900 में, 2800 वाला पैकेज 2000 में दिया जा रहा है। वहीं प्रत्येक पैकेज के साथ मेहंदी फ्री में लगाई जा रही है। नाला पटरी स्थित स्थित ब्यूटी पार्लर संचालिका रश्मि ने बताया कि सुबह से ही सौंदर्य कार्य कराने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ रही। करवाचौथ पर महिलाओं को विशेष छूट दी जा रही है। फेशियल के साथ थ्रेडिंग फ्री, फुल मेकअप के साथ मेहंदी फ्री, वैक्स के साथ अपर लिप्स फ्री आदि के ऑफर दिए गए हैं।
मेहंदी लगाने वालों की भी हुई बल्ले बल्ले
शहर के बड़ा बाजार और ब्यूटी पार्लरों के बाहर भी मेहंदी लगाने वाले पुरुषों का जमावड़ा रहा। सड़क किनारे ही मेहंदी लगवाने वाली महिलाओं की सुबह से ही लाइन लगी रही। महिलाओं ने हाथों और पैरों पर सुंदर सुंदर डिजाइन वाली मेहंदी लगवाई। मेहंदी लगाने वाले गोपाल और जोन ने बताया कि दोनों हथेली पर लगाने पर 300 रुपये, कोहनी तक 500 रुपये, दोनों पैरों पर घुटनों तक 1000 रुपये लिए जा रहे है। जिसके चलते मेहंदी लगाने वाले की बल्ले बल्ले रही और अच्छा पैसा कमाया।
महिलाओं को भा रही मुरादनगर और मेरठ की छलनी
बाजार में दुकानों पर सादी छलनी के साथ डिजाइनर छलनी की खूब धूम रही। अधिकतर नई दुल्हनों ने डिजाइनर छलनी खरीदी। वहीं, सजी हुई थाली की भी जमकर खरीदारी की गई। दुकानदार नीरज ने बताया कि सजी हुई छलनी मुुुरादनगर, मेरठ और मुजफ्फरनगर से मंगाई गई है। जिनकी कीमत 90 रुपये से लेकर 150 तक है। वहीं सजी हुई थाली भी दिल्ली से मंगाई गई है। यह 150 रुपये से लेकर 350 रुपये तक है। जो महिलाओं को खूब पसंद आ रही है।
मिट्टी के डिजाइनर करवों की भी हुई खूब खरीदारी
इस बार महिलाओं को स्टील, चांदी के करवे के साथ ही मिट्टी के बने डिजाइनर करवे भी खूब पसंद आ रहे है। शिवमूर्ति स्थित एक दुकान पर ज्यादातर महिला साधे मिट्टी के करवे न खरीदकर डिजाइनर सजे हुए रंगीन करवे खरीदती नजर आई। बर्तन की दुकानों पर स्टील के करवे 120 रुपये से लेकर 350 रुपये तक बिकते नजर आए। वहीं मिट्टी के करवे बेचने वाले मनीष कुमार ने बताया कि साधे करवे 20 रुपये से 40 तक और डिजाइनर करवे 50 रुपये से 320 रुपये तक के है।