शामली। हरियाणा के रोहतक जिले की स्वास्थ्य टीम द्वारा शामली में भ्रूण लिंग परीक्षण का मामला पकड़े जाने के बाद शामली व हरियाणा के कई एजेंट पुलिस के रडार पर है।
आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से इस अवैध धंधे में लिप्त लोगों का राज खुलेगा। माना जा रहा है कि एजेंटों द्वारा अन्य स्थानों पर भ्रूण लिंग परीक्षण कराए जाने की संभावना है।
उधर, पुलिस ने इस मामले में महिला चिकित्सक और दो एजेंटों का चालान किया है।
रोहतक के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को शामली में बुढ़ाना मोड़ के पास मां सावित्री हॉस्पिटल एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारकर भ्रूण लिंग परीक्षण करने का भंडाफोड़ किया था। शामली के एसीएमओ डॉ. अतुल बंसल की तरफ से शहर कोतवाली में हॉस्पिटल की संचालिका डॉ. नीलम शुक्ला, दो एजेंट मीना निवासी गोहाना, अशोक उर्फ सहदेव निवासी गांव शामड़ी तहसील गोहाना जिला सोनीपत और बिजेंद्र निवासी गांव कान्ही जिला रोहतक हाल निवासी न्यू विजय नगर रोहतक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।