शामली में बनाए गए महिला थाने में मरम्मत और रंगाई पुताई का कार्य पूरा नहीं हुआ है। हालांकि थाने में पीड़ित महिलाएं फरियाद लेकर पहुंचना शुरू हो गई है। शिकायत लेकर पहुंची कैराना क्षेत्र की महिला को स्टाफ न मिलने पर निराश होकर लौटना पड़ा।
जनपद में महिला थाना खुलने की जानकारी पर शिकायत पहुंचनी शुरू हो गई हैं। शनिवार को कैराना क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी पीड़ित महिला थाना प्रभारी के नाम शिकायत लेकर पहुंची। शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी शादी झिंझाना क्षेत्र की अहमदगढ़ चौकी क्षेत्र के गांव में हुई थी। महिला ने पति पर मारपीट का आरोप लगाया। उधर, शहर कोतवाली इंस्पेक्टर के खस्ताहाल पुराने आवास को नया महिला थाना बनाया गया है। तीन दिन से महिला थाने के लिए खस्ताहाल भवन की मरम्मत और रंगाई पुताई का कार्य चल रहा है। भवन पर महिला थाने का बोर्ड भी लगा दिया गया है। भवन की एक तरफ की दीवार तोड़कर बड़ा गेट बनाने का काम चल रहा है। लेकिन मरम्मत कार्य चलने के कारण अभी थाने के स्टाफ ने बैठना शुरू नहीं किया है।
महिला थाने के इर्द गिर्द नहीं खड़े होंगे वाहन
शहर कोतवाली परिसर में इंस्पेक्टर के पुराने भवन के बाहर की तरफ दिनभर निजी वाहन कार आदि बड़ी संख्या में खड़े रहते थे। शहर में पार्किंग न होने के कारण बाजार में आने वाले लोग अपने वाहनों को कोतवाली में खड़ा कर चले जाते थे। अब यहां महिला थाना बनने से कोई वाहन खड़ा नहीं होगा। शनिवार को जो वाहन महिला थाने के इर्द गिर्द खड़े थे। उन्हें पुलिस ने रिकवरी वाहन से खींचकर दूसरे स्थान पर खड़ा कराया।
जिले में महिला थाना खुल गया है। थाने के भवन की मरम्मत का कार्य चल रहा है। थाने के स्टाफ को नियुक्त कर दी गई है। महिला उत्पीड़न या घरेलू हिंसा से संबंधित आने वाली शिकायतों को निस्तारण के लिए महिला थाने भेजना शुरू कर दिया गया है। -अजय कुमार, एसपी।