शामली में गैस एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की लाइन। उपभोक्ता।
शामली। जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की भारी किल्लत के चलते उपभोक्ताओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि लोग सिलिंडर पाने के लिए एजेंसी और गोदामों के लगातार चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन फिर भी कई बार खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
गोदामों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। उपभोक्ता शहर के अभिनंदन, मनीष, मनोज का कहना है कि बुकिंग कराने के बावजूद 15 से 20 दिन तक सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है, जबकि कई मामलों में 25 दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सिलिंडर मिलने की कोई गारंटी नहीं दी जा रही है।
कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बुकिंग भी समय पर नहीं हो पा रही है, जिसके चलते उन्हें एजेंसी पर जाकर ऑफलाइन बुकिंग करानी पड़ रही है।
लोगों का कहना है कि लगातार देरी के कारण घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं और दिनभर गोदामों पर इंतजार करना पड़ रहा है। जिला आपूर्ति अधिकारी अंकुर यादव का कहना है कि प्रयास है कि लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाए।