शामली। अंतरिम बजट 2019 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सभी सीमांत व लघु कृषकों को योजना में छह हजार रुपये की सहायता प्रदान करने की घोषणा पर जिला प्रशासन ने काम करना शुरू कर दिया है। लेखपालों ने किसानों से मिलकर दस्तावेज मांगने शुरू कर दिए हैं। जिले के 78 हजार लघु सीमांत किसान को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभ मिलेगा।
रविवार को जिला मुख्यालय पर डीएम ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर लेखपालों को लघु सीमांत किसानों की सूची बनाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दो फरवरी को वीडियो क्रांफेस के द्वारा जिले के डीएम व अन्य अधिकारियों के साथ संवाद करके प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सभी सीमांत व लघु कृषकों को योजना के तहत प्रथम किश्त हर दशा में जल्द दिए जाने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया।
इस मसले पर जिला स्तरीय अधिकारियों व राजस्व लेखपालों की बैठक में डीएम अखिलेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सभी सीमांत व लघु कृषकों को योजना में पांच एकड़ व दो हेक्टेयर भूमि के किसानों को लाभ मिलेगा। योजना में शामिल 78 हजार किसानों को प्रथम किश्त के रूप में दो हजार रुपये की सहायता किसानों के सीधे खाते में केंद्र सरकार से आएगी।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन लघु सीमांत किसानों की सूची, बैंक खाता संख्या बैंक का नाम, बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड, आधार कार्ड सहित प्रत्येक दशा में केंद्र सरकार को भेजी जाएगी।
डीएम के मुताबिक दस फरवरी तक जिला मुख्यालय पर योजना में लाभ लेने वाले किसानों की सूची तैयार करके केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना में शामिल परिवार के एक किसान को दो हजार रुपये की धनराशि का लाभ दिया जाएगा।