शामली में हनुमानधाम पर पहुंचे स्वामी यशवीर महाराज। संवाद
शामली। दवा कारोबारी के पुत्र के धर्मांतरण का मुद्दा उठाने वाले स्वामी यशवीर महाराज सोमवार सुबह शामली में हनुमानधाम पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण प्रकरण के तार दिल्ली, मुंबई व पाकिस्तान तक जुड़े हैं। इसकी पुलिस प्रशासन गहनता से जांच करें। दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। अन्य की गिरफ्तारी तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और 12 जून को शामली में कुरैशी बस्ती में हिंदू महापंचायत की जाएगी।
यशवीर महाराज ने कहा कि हिंदू महापंचायत में पश्चिमी उप्र के अलावा हरियाणा, राजस्थान व पंजाब समेत कई राज्यों से वीर वीरांगना पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयुष मलिक को समझाकर सनातन धर्म में वापस लाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आयुष को जेहादियों ने हज यात्रा भी कराई है। उसकी 60-70 करोड़ की संपत्ति हड़पने को यह षड्यंत्र रचा गया और लगभग डेढ़ करोड़ रुपये लव जिहाद के नाम पर हड़प लिए। उन्होंने कहा कि लव जिहाद के नाम पर किसी हिंदू संपत्ति पर कब्जा नहीं होने देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू समाज के विरुद्ध धर्मांतरण व अन्य कार्यों के लिए विदेशों से फंडिंग की जाती है। इसकी जांच होनी चाहिए।