शामली। पांच या उससे अधिक बार चालान कटवाने वाले 70 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस परिवहन विभाग द्वारा निलंबित कर दिए हैं। इससे पूर्व में विभाग द्वारा 7010 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सड़क परिवहन एवं गृह मंत्रालय की ओर से नियमों को और सख्त किया गया है। एक जनवरी 2026 से इन नियमों को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए थे। नए प्रावधान के तहत बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए जा सकते हैं।
इसी के तहत पुलिस और परिवहन विभाग ने वर्ष 2022 से 2026 के बीच पांच या उससे अधिक बार चालान कटवाने वाले चालकों की सूची तैयार की थी। इनमें सबसे अधिक मामले बिना हेलमेट बाइक चलाना, ट्रिपलिंग, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना, ओवरस्पीडिंग और नशे में ड्राइविंग के पाए गए हैं।