शामली। जिला अस्पताल में ब्लड बैंक के लिए केंद्र से लाइसेंस जारी हो गया है। अस्पताल प्रशासन ने ब्लड बैंक चालू करने की तैयारी शुरू कर दी है। 15 दिन में ब्लड बैंक चालू होने की उम्मीद है।
जिला अस्पताल 16 अगस्त 2021 को चालू हो गया था। अस्पताल में ब्लड बैंक प्रस्तावित है, जिसके लिए शासन से मशीनों व उपकरण आदि पहले ही मिल चुके हैं लेकिन लाइसेंस जारी न होने के कारण मरीजों को ब्लड बैंक की सुविधा नहीं मिल पाई थी। मरीजों को रक्त की जरूरत पूरी करने के लिए प्राइवेट ब्लड बैंक को महंगा शुल्क देना पड़ता है। पिछले महीने राज्य स्तर से ब्लड बैंक का लाइसेंस स्वीकृत कर केंद्र को भेजा गया था।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार अखौरी ने बताया कि ड्रग नियंत्रक दिल्ली से ब्लड बैंक का लाइसेंस प्राप्त हो गया है। लाइसेंस प्राप्त होने पर ब्लड बैंक चालू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि 15 दिन में ब्लड बैंक चालू होने की उम्मीद है। इसके चालू होने से मरीजों को रक्त आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।