कानून व्यवस्था हाथ में लेने वाले को दे गए नसीहत
रोहित अग्रवाल
शामली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता की नब्ज को टटोलते हुए भाषण को विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और किसानों पर फोकस रखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने 23 मिनट के भाषण में सुरक्षा और विकास बात की। मुख्यमंत्री भाषण में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले वर्ष 20 दिसंबर को हुई हिंसा के उपद्रवियों को भी सख्त लहजे में चेताया भी। सीएम कानून को हाथ में लेने वालों को नसीहत भी दे गए।
रविवार को मुख्यमंत्री ने शाम चार बजकर आठ मिनट पर अपने भाषण की शुरूआत पुलवामा में शहीद शामली के सीआरपीएफ के जवान सतेंद्र और अमित कोरी को श्रद्धांजलि से की। दिल्ली हिंसा में मारे गए मुजफ्फरनगर के इंटेलीजेंस ब्यूूरो के अंकित शर्मा का भी जिक्र किया। सीएम ने विस उपचुनाव के दौरान और आज के माहौल पर कैराना कांधला क्षेत्र के हालातों की तुलना करते हुए कहा कि पहले वहां गुंडागर्दी हावी थी। रंगदारी मांगी जाती थी, लेकिन आज रंगदारी मांगने वालों का पलायन हो गया है। यहां की बेटियां अब सुरक्षित माहौल में है। सीएम ने सालों से उपेक्षित नए जनपदों के विकास की बात भी उठाई। नए जिलों में पुलिस लाइन, कलक्ट्रेट, कर्मचारियों के आवासों की समस्याओं पर फोकस किया। बताया कि शामली के लिए पुलिस लाइन, कलक्ट्रेट और नवसृजित ऊन तहसील के लिए भी बजट दिया गया है। एक साल में शामली सहित 16 जिले में एक साल में मेडिकल कालेज शुरू कराने की घोषणा भी सीएम नेे की। सरकारी और प्राइवेट सेक्टर ,उद्योगों में रोजगार देने की बात कहकर युवाओं को भी उम्मीद बंधा गए। सीएम ने कहा कि सीएए के नाम पर हिंसा करने वालों से ही सरकार नुकसान की भरपाई कर रही है। कानून हाथ में लेने वालों से सख्ती से पेश आने की नसीहत भी सीएम दे गए। सीएम ने अपने भाषण का अंत शाम 4.31 बजे पुलवामा के शहीदों का नाम लेकर उन्हें पुन: श्रद्धांजलि देकर किया।
बताओ बिजली मिलती है या नहीं
सीएम ने समारोह में मौजूद जनसमूह से सवाल किया कि बताओ तीन साल पहले कितनी बिजली मिलती थी, अब कितनी मिलती है। लोगों ने कहा कि अब 20 से 24 घंटे मिलती है। सीएम ने कहा यही तो हमारी सरकार ने किया है।
किसी कीमत पर बंद नहीं होने देंगे चीनी मिलें
सीएम ने अपने संबोधन में गन्ना किसानों की भी बात की। कहा कि चीनी के मंदे भाव की वजह से महाराष्ट्र और चीनी जैसे राज्यों में मिलें बंद हो रही हैं, लेकिन यूपी में हम मिल बंद नही होने देंगे। यहां पर 121 मिलें चल रही हैं। यदि कोई दिक्कत होगी तो सरकार पैसा देगी, लेकिन मिल बंद नहीं होने देंगे अपने किसान को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। किसी का रोजगार नहीं छिनने देंगे ।चीनी मिल, इथनोल और खांडसारी उद्योग पनपेगा और मिलों से जल्दी गन्ना भुगतान भी कराया जाएगा।
55 मिनट देरी से पहुंचे सीएम
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को दोपहर 2.25 बजे हेलीकॉप्टर से शामली पहुंचना था, लेकिन उनका हेलीकॉप्टर निर्धारित समय से 55 मिनट देरी से 3.20 बजे शामली पहुंचा। मुख्यमंत्री को पुलिस ने गार्ड ऑफर ऑनर दिया। 3.35 बजे वह मंच पर पहुंचे।
रंगदारी पर रहा सबका फोकस
कैराना। कैराना में अपराधों और रंगदारी के चलते व्यापारियों के पलायन का मुद़्दा सीएम सहित करीब करीब हर वक्ता ने उठाया। कैराना से भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक, सहित अधिकांश वक्ताओं ने कैराना में दहशत के माहौल का जिक्र करते हुए पूर्व सरकारों को कोसा। दरअसल, भाजपा ने विस उपचुनाव में रंगदारी का मुद़्दा उठाया था, लेकिन भाजपा प्रत्याशी चुनाव हार गई थी लेकिन लोकसभा चुनाव में इस मुद़दे को भुनाने में भाजपा सफल रही थी।