संवाद न्यूज़ एजेंसी
शामली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत देते हुए पंजीकरण एवं परीक्षा फॉर्म में हुई त्रुटियों को सुधारने का अंतिम अवसर प्रदान किया है। परिषद की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार अब छात्र-छात्राएं अपने भरे गए आवेदन पत्रों में 25 जनवरी तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवश्यक सुधार कर सकते हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ऐश्वर्या जायसवाल ने बताया कि यह प्रक्रिया कक्षा 9 व 11 के पंजीकरण फॉर्म, कक्षा 10 व 12 के बोर्ड परीक्षा फॉर्म पर लागू होगी। इस अवधि के दौरान छात्र-छात्राएं अपने पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, विद्यालय का नाम, लिंग एवं विषय से संबंधित त्रुटियों को कॉलेज प्रशासन की सहायता से ठीक करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सभी सुधार विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा सत्यापन के बाद ही अंतिम रूप से स्वीकार किए जाएंगे। त्रुटिपूर्ण फॉर्म के कारण कई बार प्रवेश पत्र जारी होने, परीक्षा परिणाम में समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं। इसको ध्यान में रखते हुए सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्तर से फॉर्मों की जांच कर समय रहते सभी त्रुटियों का सुधार सुनिश्चित करें। जिला विद्यालय निरीक्षक ने यह भी कहा कि अंतिम तिथि से पहले सभी आवश्यक सुधार करा लिए जाएं ताकि परीक्षा तिथियों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।