शामली के झिंझाना क्षेत्र में पेयजल टंकी निर्माण के दौरान सरिया 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे करंट लगने पर एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शामली जनपद के झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव रंगाना में शनिवार को पेयजल टंकी के निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण के दौरान मजदूर सरिया लगा रहे थे, तभी अचानक सरिया पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया।
यह भी पढ़ें: दुष्कर्म पीड़िता की मौत: पुलिस की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार, गांव में नाकेबंदी-भारी पुलिस बल तैनात
मौके पर ही चली गई मजदूर की जान
करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय मजदूर धर्मेंद्र पुत्र नन्हा निवासी गांव नौसाना, थाना दिनावर, जनपद बदायूं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की भी पड़ताल की जा रही है।