कैराना (शामली)। शामली के भजन गायक अजय पाठक और उसके परिवार के हत्यारोपी हिमांशु सैनी की मुजफ्फरनगर जेल से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा कोर्ट में पेशी हुई। जिसके बाद हिमांशु की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ा दी गई।
30 दिसंबर की रात शामली की पंजाबी कालोनी निवासी भजन गायक अजय पाठक, उनकी पत्नी और बेटी, बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई थी। उनके बेटे की हत्या कर शव को कार में ले जाया गया था। कार जली हुई हालत में पानीपत में टोल प्लाजा के पास से बरामद हुई थी। उसकी डिग्गी में जली हुई हालत में अजय पाठक के बेटे का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने कार को जलाकर सबूत नष्ट करने की कोशिश करते हुए अजय पाठक के शिष्य हिमांशु को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ के आधार पर इस हत्याकांड का खुलासा किया था। पुलिस ने हिमांशु को कैराना में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में मुजफ्फरनगर जेल भेज दिया था। अभी तक इस केस में पुलिस द्वारा चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है। मंगलवार को हिमांशु की जेल से ही वीडियो कांफ्रेंस के द्वारा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेशी हुई। पेशी के बाद न्यायालय ने हत्यारोपी हिमांशु सैनी की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ा दी। आर्दश मंडी के कार्यवाहक प्रभारी ने बताया कि चार्जशीट तैयार हो रही है। जल्द ही कोर्ट में दाखिल कर दिया जाएगा। चार्जशीट दाखिल होने तक पेशी विडियो कांफ्रेंस के द्वारा ही होती है।