शामली वीवी इन्टर कॉलेज में शिक्षकों की बैठक लेते डीआईओएस सरदार सिंह।
- फोटो : SHAMLI
शामली। यूपी बोर्ड की परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को बोर्ड की तरफ से परीक्षा संबंधी गाइड लाइन की जानकारी दी गई। डीआईओएस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले प्रश्नपत्र खोला जाएगा। प्रश्नपत्र खोलने में किसी तरह की लापरवाही होने पर केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार माने जाएंगे।
मंगलवार को वीवी इंटर कालेज सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में डीआईओएस सरदार सिंह ने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश है कि बोर्ड परीक्षा हर हाल में नकल विहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न करानी है। सभी परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे जिला और लखनऊ कंट्रोल रूम से जुड़े हुए हैं। लखनऊ में बैठे अधिकारी वहीं से हर परीक्षा केंद्र पर निगरानी रखेंगे। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी 34 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्नपत्र पहुंच चुके है। केंद्रों पर जहां भी प्रश्नपत्र रखे गए है, वहां पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे ऑन रहेंगे। लखनऊ से किसी भी समय प्रश्नपत्रों की स्थिति चेक की जा सकती है। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा समिति के सदस्यों की मौजूदगी में प्रश्नपत्र खोले जाएंगे। प्रश्नपत्र खोलते समय दिन, दिनांक, पाली का सही मिलान कर ले ताकि गलती की कोई गुंजाइश न हो। प्रश्नपत्र खोलते समय अगर लापरवाही सामने आती है तो केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार मानें जाएंगे। जिस विषय की परीक्षा होगी, उस विषय के कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी।
अनुपस्थित परीक्षार्थी की अलग रखी जाएगी उत्तर पुस्तिका
परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने से अधिकतम 30 मिनट बाद तक परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जा सकेगी। अगर कोई परीक्षार्थी अनुपस्थित रहता है तो उसकी अ उत्तर पुस्तिका को अलग रखा जाएगा। उसका इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। 40 परीक्षार्थियों पर दो कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पांच कक्षों के बीच एक रिलीवर कक्ष निरीक्षक रहेगा।
परीक्षा संबंधी सभी रिकार्ड अपडेट रखें
डीआईओएस ने कहा कि परीक्षा संबंधी, सीसीटीवी और वॉयस रिकार्डर समेत सभी तरह का रिकार्ड पूूरा और अपडेट रखे, ताकि किसी भी अधिकारी के मांगने पर तत्काल उपलब्ध कराया जा सके। परीक्षार्थियों का सीटिंग प्लान अनुक्रमांक के आधार पर क्रमानुसार मिश्रित बनाया जाए। एक ही कालेज के परीक्षार्थी एक साथ नहीं बैठ सकेंगे। डीआईओएस ने स्पष्ट कहा कि अगर किसी भी केंद्र पर नकल करते हुए कोई परीक्षार्थी पकड़ा जाता है तो उसके लिए केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे।