शामली। कंडेला -टपराना बाईपास का निर्माण कार्य इसी माह 31 दिसंबर तक पूरा जाएगा। इस बाईपास के चालू होने के बाद शामली जिले के रिंगरोड का कार्य पूरा हो जाएगा। हरियाणा- पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड से आने जाने वाले वाहन शामली के बाहर से होकर निकल जाएंगे।
मेरठ- करनाल और पानीपत-खटीमा हाईवे को जोड़ने वाले कंडेला- टपराना बाईपास का पिछले दो साल से निर्माण कार्य चल रहा है। जिसका 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पिछले एक माह पहले कंडेला उपरिगामी पुल का निर्माण का लिंटर डाला जा चुका है। 3.5 किमी लंबाई का कंडेला- टपराना बाईपास का मेरठ- करनाल हाईवे को जोड़ने वाला 200 मीटर कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत इकाई ने बाईपास के निर्माण कार्य को पूरा करने का लक्ष्य आगामी 31 जनवरी तक रखा है। हिसार की कंपनी के प्रोजेक्ट मेनेजर घनश्याम सिंह ने बताया कि इस साल के आखिर तक कंडेला टपराना बाईपास का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा। नए साल में इस बाईपास को चालू कर दिया जाएगा।
इस बाईपास के चालू होने से शामली को नया रिंगरोड मिल जाएगा। शामली से दिल्ली, हरियाणा के पानीपत, करनाल, मुजफफरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार, बिजनौर और मेरठ आने जाने की सुविधा मिलेगी। शामली शहर को जाम से निजात मिलेगी।