शामली। भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि कैराना के हालात कश्मीर जैसे होते जा रहे हैं। दूसरे संप्रदाय के लोग सुनियोजित ढंग से गरीब लोगों पर अत्याचार कर रहे हैं, जिस कारण दो साल के भीतर 250 लोग कैराना क्षेत्र से पलायन कर चुके हैं। खासकर कश्यप समाज के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
सोमवार को नगरपालिका परिषद शामली में पत्रकारों से बातचीत में सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि कैराना में रंगदारी की मांग पूरी न करने पर व्यापारियों की हत्या कर दी जाती है। छह व्यापारियों की अब तक हत्या हो चुकी हैं। इससे भय का माहौल बना है तथा दो साल के भीतर करीब 250 हिन्दू परिवार कैराना से पलायन कर चुके हैं। कैराना के मोहल्ला दरबार खुर्द से कश्यप बिरादरी के सभी लोग पलायन कर चुके हैं।
इसके अलावा गांव अकबरपुर सुन्हेटी में कश्यप समाज की महिला की गैंगरेप के बाद हत्या, अलीपुर गांव में कश्यप समाज के लोगों की पिटाई करके उनके बिटौडे और खलिहान में आग लगा दी गई। जिस तरह कश्मीर से पंडितों पर जुल्म ढहाकर उन्हें पलायन को मजबूर किया गया, वैसे ही हालात कैराना में बनाए जा रहे हैं, मगर भाजपा ऐसा नहीं होने देगी। सांसद ने बताया कि मंगलवार को वह इस मुद्दे पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से दिल्ली में मुलाकात करेंगे।
स्थानीय स्तर पर आंदोलन चलाने की रूपरेखा बनाई जाएगी। जरूरत पड़ी तो महापंचायत भी होगी। आंदोलन तब तक चलेगा, जब तक कि गरीब लोगों पर अत्याचार बंद नहीं होंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष पवन तरार, चेयरमैन अरविंद संगल, हरबीर सिंह मलिक, डाॅ रामजीलाल कश्यप, डाॅ. मनोज शर्मा, पवन बजरंगी आदि मौजूद रहे।
पुलिस और सत्ताधारी नेताओं का संरक्षण
हुकुम सिंह का कहना है कि कैराना क्षेत्र में कश्यप समाज के लोगों पर हो रहे अत्याचार के लिए प्रदेश की सपा सरकार और पुलिस प्रशासन जिम्मेदार है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस कार्रवाई करने से कतराती है। इससे स्पष्ट है कि सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के दबाव में आकर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही।
न्याय मांगना सांप्रदायिकता है, तो कोई गम नहीं
एक सवाल के जवाब में भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि कैराना और शामली में हर घटना के बाद भाजपा ने न्याय की मांग की। चुनाव नजदीक आने पर कोई माहौल तैयार नहीं किया जा रहा है, बल्कि आतंकित लोगों को न्याय दिलाने की मांग की जा रही है। यदि पीड़ित, शोषितों के हित में व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाना सांप्रदायिकता है, तो हम सौ बार ऐसा करेंगे।
सपा जिलाध्यक्ष ने बयान पर किया पलटवार
शामली। भाजपा सांसद हुकुम सिंह के बयान के बाद समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष किरणपाल कश्यप ने पलटवार किया है। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने कहा है कि चुनावी फायदे साधने के लिए सांसद हुकुम सिंह कश्यपों और मुसलिमों के बीच दरार डालने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। उनकी मांग है कि सांसद यह भी बताएं कि कश्यप समाज के कौन कौन लोग कैराना से पलायन कर गए, उनके नाम सार्वजनिक कराए जाएं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बुच्चाखेड़ी गांव में सांसद ने ही सांप्रदायिक घटना कराई। किरणपाल कश्यप का कहना है कि कैराना क्षेत्र में कश्यप और मुसलिमों में आपसी सद्भाव हमेशा रहा है तथा वह किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। वह भाजपा सांसद हुकुम सिंह के बयान की कड़ी निंदा करते हैं। उनका कहना है कि कश्यप समाज को गुमराह करके अपना चुनावी हित साधने के चक्कर में समाज को बांटने का कार्य न करें।