शामली के कैराना में बिना रजिस्ट्रेशन और अनफिट ई-रिक्शा बिन बुलाई आफत बन गए हैं। आए दिन लगने वालों जाम और हादसों की वजह ई-रिक्शा हैं। बिना रजिस्ट्रेशन के चलने वाले इन रिक्शा चालकों पर लाइसेंस तक नहीं हैं। नाबालिग भी इन रिक्शाओं में सवारियों को ढोते देखे जा सकते हैं, लेकिन इन पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
शासन स्तर से जीरो खर्चे पर चलने वाली ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया है, लेकिन स्थानीय प्रशासन की सुस्ती के कारण इन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। यातायात के नियमों को ताक पर रखकर ई-रिक्शा नगर में धड़ल्ले से चल रहे हैं।
किसी हादसे के होने जाने पर इन्हें पहचानना मुश्किल है, वहीं चोरी होने पर ये पुलिस की भी मुसीबत बन जाते हैं, क्योंकि बिना रजिस्ट्रेशन और बिना नंबर के इनकी तलाश करना भी मुश्किल है। दो पहिया और चारपहिया वाहन चालकों पर लाइसेंस न मिलने पर जहां पुलिस उनका तुरंत चालान करती है, वहीं ई-रिक्शा को नाबालिग बिना लाइसेंस चला रहे हैं।
नगर के व्यापारियों ने प्रशासन से बाजारों में घूमने वाले ई-रिक्शाओं पर लगाम कसने की मांग की है। वहीं नगर पालिका चेयरमैन राशिद अली ने व्यापारियों को इस ओर प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया है।