शामली। विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव प्रेक्षकों ने मतगणना स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया, तो डीएम और पुलिस अधीक्षक ने भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिले की कैराना, थानाभवन और शामली विधानसभा सीट की मतगणना शामली में भैंसवाल मार्ग पर नवीन मंडी स्थल में होगी। शनिवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी, जिसके चलते शुक्रवार को ही मतगणना के संबंध में तैयारियां पूरी कराई गई। मतगणना स्थल पर बेरीकेडिंग करा दी गई है।
स्ट्रांग रूम से मतगणना स्थल वाले चबूतरे तक अलग से बेरीकेडिंग कराई गई है, जिस रास्ते से ईवीएम को स्ट्रांग रूम से मतगणना टेबिल तक ले जाया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा सीट पर मतगणना के लिए 14 टेबिल लगाई गई हैं। एक टेबिल पर चार कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक, एक माइक्रो ऑब्जर्वर और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की तैनाती रखी गई है। मतगणना से आधा घंटा पूर्व ही मतगणना में लगे कर्मियों को टेबिल पर पहुंचना होगा।
वहीं, प्रत्येक पंडाल में चुनाव प्रेक्षक और रिटर्निंग ऑफिसर के बैठने की अलग से व्यवस्था की गई है। शामली, कैराना की मतगणना 21-21 राउंड में पूरी होगी। थानाभवन सीट की मतगणना 23 राउंड में पूरी की जाएगी।
चिकित्सा विभाग की टीम भी रहेगी
मतगणना स्थल पर आपातकालीन स्थिति के लिए चिकित्सा विभाग की टीम भी तैनात रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिया है कि मतगणना शुरू होने के समय से ही दो चिकित्सक और एक एंबुलेंस दवाओं, उपकरण के साथ मतगणना स्थल पर मौजूद रखी जाएगी।
पहले होगी पोस्टल बैलेट की गिनती
ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू होने से पूर्व पोस्टल बैलेट की गिनती कराई जाएगी। जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर शुक्रवार शाम तक 1750 पोस्टल बैलेट से डाली गई वोट प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें कैराना की 469, थानाभवन 426 और शामली सीट पर 855 पोस्टल बैलेट प्राप्त हुए हैं। मतगणना वाले दिन सुबह आठ बजे तक प्राप्त पोस्टल बैलेट भी शामिल किए जाएंगे।
आज सभी स्कूल, कॉलेजों में अवकाश
विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2017 की मतगणना के लेकर डीएम सुजीत कुमार के आदेश पर शनिवार का अवकाश रहेगा। इस मामले के बारे में शामली में बीएसए चंद्रशेखर, डीआईओएस एसएम सिद्दीकी ने बताया कि मतगणना को लेकर जनपद के सभी परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, माध्यमिक, सीबीएसई, आईसीएसई के स्कूल, कॉलेजों और डिग्री कॉलेजों का 11 मार्च अवकाश रहेगा। उन्होंने बताया िक यदि कोई स्कूल, कॉलेज शनिवार को खुला पाया गया तो प्रधानाचार्य, संचालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।