संवाद न्यूज एजेंसी
शामली/झिंझाना। झिंझाना थाने की चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव लव्वा दाउदपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शुक्रवार रात पुलिस की वर्दी में आए चार-पांच बदमाशों ने अलमारी से करीब ढ़ाई लाख रुपये नकद और साढ़े पांच तोले सोने के कुंडल और पांच तोले चांदी के जेवर समेत आठ लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। मंदिर में चोरी की घटना को लेकर श्रद्धालुओं में रोष है। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुजारी की तरफ से झिंझाना थाने पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव में स्थित शिव मंदिर में पुजारी राजनाथ (60) और रविंद्र दास रहते हैं। मंदिर की देखरेख पुजारी राजनाथ करीब दस साल से कर रहे हैं। मंदिर परिसर में 30 से अधिक गाय हैंं और डेयरी चलाते हैं। दोनों पुजारी मंदिर के एक कमरे में सोए थे। देर रात में मंदिर में घुसे चोरों ने दूसरे कमरे की कुंडी खोलकर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी चाबी से अलमारी खोली और उसमें रखी नकदी और सोने के कुंडल व चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पुजारी राजनाथ ने बताया कि अलमारी में करीब ढ़ाई लाख रुपये नकद और साढ़े पांच तोले के कुंडल और पांच तोले चांदी के जेवर रखे थे, जो चोरी हो गए। पुजारी का कहना है कि रात में करीब दो बजे उन्हें कमरे से सामान गिरने और खटपट की आवाज सुनाई दी। पहले लगा कोई जानवर होगा, लेकिन जब अपने कमरे से बाहर आकर देखा तो दो-तीन सादे कपड़ों में और दो बदमाश की पुलिस की वर्दी में भागते हुए दिखाई दिए। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। मंदिर से करीब आठ लाख रुपये की चोरी होना बताया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह मंदिर में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने मंदिर में चोरी की घटना पर रोष जताया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। ग्राम प्रधान रामभूल सिंह का कहना है कि गांव व क्षेत्र में चोरों का शोर मचा हुआ है। लोग जागकर पहरा दे रहें। मंदिर भी अब सुरक्षित नहीं रह गए।
n सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस : पुलिस टीम ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन उससे पुलिस को फिलहाल कोई मदद नहीं मिल सकी। एसपी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में कोई संदिग्ध नजर नहीं आया। पुलिस घटना में पुजारी के किसी नजदीकी व्यक्ति का हाथ होना मानकर जांच पड़ताल में जुटी है। पुलिस का कहना है किअलमारी को चाबी से खोला गया है, न कि तोड़ा गया है।
n पेड़ बेचे जाने की एक दिन पहले आई थी रकम : पुजारी राजनाथ ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले पेड़ बेचे थे। पेड़ बेचे जाने की रकम एक दिन पहले ही आई थी। रकम को अलमारी में रखा गया था। रात में बदमाशों ने रकम को चोरी कर लिया।