कैराना। कांग्रेस नेता की दुकान से हजारों रुपये की नगदी सहित लाखों रुपये का सामान लूटने के बाद दुकान को तोड़कर कब्जा कर लिया गया । पीड़ित ने छह लोगों के खिलाफ थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कैराना बाईपास रोड निवासी मंडी समिति के अध्यक्ष जाहिद राज कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हैं। उसने बताया कि रेलवे रोड गांधी आश्रम के समीप उनकी दो दुकानें हैं। ईद का त्योहार होने के कारण दोनों दुकानें बंद थीं।
आरोप है कि बृहस्पतिवार देर रात छह लोगों ने जेसीबी लगाकर दोनों दुकानों के ताले तोड़कर दुकान में रखे 50 हजार रुपये सहित फ्रिज, अलमारी व अन्य कीमती सामान लूट लिया।
आरोप है कि उक्त लोगों ने दुकानों पर जेसीबी चलाकर अवैध कब्जा कर लिया। पता चलने पर जाहिद राज समर्थकाें के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। बाद में जाहिद राज ने नफीस उर्फ गुल्लू, शहीद, नदीम, इंतजार, फैमीद व वहाब के खिलाफ दुकान तोड़कर हजारों रुपये की नगदी सहित कीमती सामान लूटने की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं दूसरे पक्ष से राशिद का कहना है कि उक्त दुकानें मस्जिद कमेटी की हैं। जाहिद राज को दोनों दुकानें किराए पर दी थी, इन्हें खाली करने के लिए कहा जा रहा था।