शामली झिंझाना मार्ग पर वाहनो से लगा जाम
- फोटो : SHAMLI
शामली। मेरठ-करनाल हाईवे पर बुधवार सुबह लगे छह घंटे के जाम ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। जाम बुढ़ाना रोड स्थित रेलवे फाटक के पास सड़क में गड्ढे होने से ओवरलोड टैंकर पलटने से लगा। ट्रेनों के आवागमन के कारण के रेलवे फाटक बंद होने से जाम की स्थिति हो गंभीर हो गई।
सुबह साढ़े पांच बजे के लगभग मेरठ-करनाल हाईवे पर बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक के पास शामली से मेरठ जा रहा टैंकर पलट गया। इस दौरान टैंकर का एक्सल टूट जाने से मेेरठ करनाल मार्ग पर चार किमी लंबा जाम लग गया। सूचना पर रेलवे शहर कोतवाली पुलिस और यातायात अफसर मौके पर पहुंचे। टैंकर को सड़क के किनारे कराया गया। टैंकर के एक्सल बदलवाने में ढाई घंटे लग गए। इसी दौरान दिल्ली से शामली होकर सहारनपुर, सहारनपुर से शामली होकर दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के गुजरने से लगातार बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक बंद होता गया। टैंकर पलट जाने से मेरठ करनाल मार्ग पर जाम के कारण शिक्षण संस्थाओं की बसों को रूट डायवर्जन करके रेलपार से होकर गुरुद्वारा रेलवे फाटक से निकाला गया। शहर के बुढ़ाना रोड से लेकर अजंता चौक, विजय चौक से लेकर टिटौली गांव की सीमा तक जाम लग गया। जाम लगने से छोटे वाहनों व पैदल यात्रियों को निकाला गया। यातायात निरीक्षक भंवर सिंह ने बताया कि सुबह टैंकर पलट जाने से जाम लगा था। ट्रेनों के आवागमन के चलते रेलवे फाटक लगातार बंद होने से जाम की अवधि बढ़ गई।
कई ट्रेनें हुईं लेट
शामली। मेरठ-करनाल पर टैंकर पलट जाने से दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उत्तर रेलवे के सिग्नल इंजीनियर अमित कुमार ने बताया कि दोपहर 12 बजे के लगभग हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रेलवे स्टेशन पर आकर खड़ी हो गई। दिल्ली से शामली होकर सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का शामली पहुंचने का समय सुबह 09 बजे है। यह ट्रेन तीन घंटा लेट शामली पहुंची। इससे पूर्व छह बजे से लेकर 12 बजे तक बार बार बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक बंद होने से कई ट्रेनें प्रभावित रही है। जिससे बार-बार फाटक बंद होने से मेरठ करनाल मार्ग पर लंबा जाम लग रहा। दोपहर 12 बजे के बाद मेरठ-करनाल पर जाम से मुक्ति मिल पाई है।