शामली। आम दिनों से लेकर त्योहार तक पर भी प्रशासन की ओर से जाम से निजात दिलाने का कोई इंतजाम नहीं किया गया है। बृहस्पतिवार को शहर में लगे जाम ने पुलिस की त्योहार के लिए की गई तैयारियों की पोल खोल दी। घंटों तक वाहन जाम में फंसे रहे और दूर तक पुलिस दिखाई नहीं दी।
नगर पालिका ने शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए कई जगह नो वेंडिंग जोन बना रखे हैं, ताकि वहां पर कोई वाहन खड़ा न करें, लेकिन आज तक इसका सख्ती से पालन नहीं कराया जा सका। जिस कारण नो वेंडिंग जोन में भी रिक्शा, ठेली आदि खड़े कर अतिक्रमण किया गया है। इसी वजह से शहर को रोजाना जाम से जूझना पड़ता है।
उधर, शामली के मेन बाजार से होकर पानीपत-खटीमा मार्ग जाता है, अभी बाईपास नहीं है, ऐसे में ज्यादातर ट्रैफिक शहर के बीच से गुजरता है। भारी वाहन नगर के बीच से गुजरते हैं। सड़क के दोनों ओर फैले अतिक्रमण ने स्थिति और ज्यादा बिगाड़ दी है। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर की ओर से नगर में मुख्य मार्ग की ओर से प्रवेश करते है तो धीमानपुर फाटक पार करते ही सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण शुरू हो जाता है। यहां विजय चौक तक बुरा हाल है।
आज धनतेरस से लेकर मंगलवार भैयादूज तक लगातार त्योहार हैं। शहर समेत आसपास के लोग बाजारों में खरीदारी के लिए आते हैं। शहर का जो हाल है, उससे तो यही लग रहा है कि इन दिनों में शहर के अंदर से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाएगा। उधर, सीओ सिटी निशांक शर्मा का कहना है कि जिन स्थानों पर जाम लगता है वहां पुलिस तैनात की जाएगी। अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई होगी।