बरसात में छाता लगा कर जाती युवती । संवाद
शामली। जिले में लगातार दूसरे दिन भी तेज बारिश होने व शीतलहर चलने से मौसम में ठंडक बनी रही और आसमान में घने बादल छाए रहे। बारिश के कारण शहर में कई स्थानों पर जलभराव होने से नगरपालिका के नालों की सफाई के दावों की पोल खुल गई।
दो दिन से रुक-रुककर चल रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। पिछले 24 घंटे में तापमान की स्थिति देखे तो अधिकतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस बढ़कर 17 और न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस कम होकर 11 डिग्री सेल्सियस रहा।
शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश दूसरे दिन शनिवार को भी दिनभर होती रही। बारिश होने के कारण लोग घर में ही दुबके रहे। जरूरी काम होने पर ही लोग बाहर निकले। बारिश होने से शहर में नेहरू मार्किट, बरखंडी, हाजी कालोनी, कलंदरशाह, रेलपार आदि स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। सिंचाई विभाग पूर्वी यमुना खंड के उप राजस्व अधिकारी अंबुज कुमार ने बताया कि दो दिन में जिले में 50 एमएम बारिश हुई है।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के ग्रामीण कृषि मौसम के नोडल अधिकारी यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी उप्र के जिलों में बारिश होने व कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने के आसार है।
कांधला में बारिश से कई मोहल्लों में मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई। नाले चौक होने से बरसात का पानी व कूड़ा मार्गों पर आ गया। थानाभवन में दो दिन से लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश से पशु पालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।