शामली। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगी आग से हर वर्ग झुलस रहा है। तीन सप्ताह में 16 बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है। इसी महीने में 3.20 रुपये की वृद्धि हुई है। शुक्रवार को शामली में पेट्रोल के दाम 102.39 रुपये और डीजल के दाम 94.52 रुपये रहे। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों का असर रसोई से लेकर कारोबार तक पड़ रहा है। मध्यम वर्गीय परिवार का बजट इसकी वजह से बिगड़ रहा है। महंगाई के चलते त्योहारों का मजा भी फीका हो सकता है।
पेट्रोल-डीजल के चलते 25 फीसदी से ज्यादा अतिरिक्त बोझ
शामली। एक बाइक चालक का औसतन डेढ़ लीटर पेट्रोल खर्च होता है। पहले प्रतिदिन इस पर 120 रुपये खर्च होते थे। अब करीब 150 से ज्यादा खर्च हो रहे हैं। इसके अलावा कार चालक का औसतन पांच लीटर पेट्रोल खर्च होता है। जिस पर करीब 400 रुपये खर्च होते थे। अब 500 रुपये से ऊपर खर्च हो रहे हैं। डीजल की गाड़ी में पहले प्रतिदिन का औसतन खर्च करीब 300 रुपये होता था। जो अब बढ़कर करीब 450 रुपये तक पहुंच गया है।
शामली के शिवाजी पार्क निवासी सुशील कुमार का कहना है कि पेट्रोल के दाम बढ़ने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सारा काम बाइक पर ही होता है। पेट्रोल के दाम बढ़ने से अब बजट बिगड़ गया है। सिलावर गांव निवासी हिमांशु का कहना है कि डीजल-पेट्रोल के साथ अन्य सामान की कीमतों में भी वृद्धि हो रही है। जिससे आम आदमी का जीना मुश्किल होता जा रहा है। सरकार को इसमें हस्तक्षेप कर दाम नियंत्रित करने चाहिए। शामली के नौकुआं निवासी गुलजार का कहना है कि पेट्रोल-डीजल के साथ खाद्य तेल और रसोई गैस के दाम बढ़ गए हैं। जबकि आमदनी बढ़ नहीं रही है। जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
टमाटर के दाम हो गए करीब दोगुने, प्याज ने भी चौंकाया
- रसोई गैस के बाद अब सब्जी भी छू रही आसमान
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। रसोई गैस के दाम के बाद सब्जी व अन्य खाद्य सामग्री भी आसमान छू रही हैं। जिससे रसोई का बजट भी बिगड़ गया है। गृहणियों के लिए निश्चित आय में रसोई संभालना मुश्किल साबित हो रहा है। सबसे ज्यादा तेजी टमाटर और प्याज के दाम में आई है। टमाटर और प्याज रसोई का अहम हिस्सा हैं। टमाटर के दाम 50 से बढ़कर करीब 80 रुपये हो गए हैं। जबकि नवरात्र के दौरान प्याज के दाम बढ़ना सभी को चौंका रहा है। सब्जियों के दाम बढ़ने का कारण भी डीजल-पेट्रोल की मूल्य में वृद्धि बताया जा रहा है।
गांधी गंज कॉलोनी निवासी ओजस्वी गुप्ता का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से सब्जी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इससे बजट बिगड़ने लगा है। पिछले दिनों रसोई गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ गए थे। मध्यम वर्गीय परिवार के लिए मुश्किलें खड़ी हो रही हैं।
चरण सिंह कॉलोनी निवासी गोनू का कहना है कि त्योहार के समय खाद्य सामग्री और सब्जियों के दाम आसमान में पहुंच गए हैं। जिससे आम आदमी का बजट गड़बड़ा गया है। सरकार को आम आदमी को राहत देने के लिए कदम उठाने चाहिए।
धीमानपुरा निवासी रीता का कहना है कि महंगाई ने जीना मुश्किल कर दिया है। खाने-पीने के चीजों के साथ सब्जियां भी काफी महंगी हो गई हैं। जिससे रसोई का बजट संभालना अब मुश्किल लगने लगा है। चरण सिंह कॉलोनी निवासी वंदना राणा का कहना है कि महंगाई बेकाबू होती जा रही है। ऐसे में त्योहारों पर भी फर्क पड़ता है। कीमतों को नियंत्रित किया जाना चाहिए।
शामली में पेट्रोल के दाम में पिछले दस दिन में वृद्धि
दिनांक पेट्रोल का दाम वृद्धि रुपये में
15 अक्तूबर 102.39 0.33
14 अक्तूबर 102.05 0.33
13 अक्तूबर 101.71 0
12 अक्तूबर 101.71 0
11 अक्तूबर 101.73 0.31
10 अक्तूबर 101.42 0.29
09 अक्तूबर 101.13 0.30
08 अक्तूबर 100.83 0.27
07 अक्तूबर 100.56 0.29
06 अक्तूबर 100.27 0.30
शामली में डीजल के दाम में पिछले दस दिन में वृद्धि
दिनांक डीजल का दाम वृद्घि रुपये में
15 अक्तूबर 94.52 0.34
14 अक्तूबर 94.18 0.35
13 अक्तूबर 93.83 0
12 अक्तूबर 93.83 0
11 अक्तूबर 93.83 0.37
10 अक्तूबर 93.46 0.35
09 अक्तूबर 93.11 0.35
08 अक्तूबर 92.76 0.34
07 अक्तूबर 92.42 0.35
06 अक्तूबर 92.07 0.36
--------------------------------------------
सब्जियों के दाम पहले और अब रुपये प्रति किग्रा
टमाटर 50 80
प्याज 30 50
शिमला मिर्च 80 120
तुरई 30 40
मिर्च 30 50
बैंगन 30 40
गोभी 30 50
अरबी 20 30
धनिया 120 160