शामली। बजट सत्र में दिल्ली- शामली-सहारनपुर रेलवे लाइन के दोहरीकरण, शामली के मेरठ-करनाल हाईवे के 89 रेलवे फाटक पर उपरिगामी पुल निर्माण, मेरठ- पानीपत नई रेलवे लाइन के लिए बजट जारी करने के मुद्दे उठेंगे।
केंद्र सरकार का आगामी दो फरवरी 2025 को आम बजट प्रस्तावित है। दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे लाइन का दोहरीकरण लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। शामली के मेरठ-करनाल हाईवे के 89 रेलवे फाटक पर उपरिगामी पुल निर्माण के लिए गत 26 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन दिल्ली से आधारशिला रख चुके है लेकिन 11 माह बाद भी रेलवे फाटक पर उपरिगामी पुल निर्माण का कार्य शुरु नहीं हो पाया है। इसी प्रकार मेरठ- पानीपत नई रेलवे लाइन के लिए लंबे समय से बजट अवमुक्त करने की मांग की जा रही है।
किसान मजदूर भारतीय संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पंवार का कहना है कि मेरठ-पानीपत नई रेलवे लाइन के बजट अवमुक्त करने, रेलवे लाइन के दोहरीकरण, रेलवे फाटक पर उपरिगामी पुल निर्माण के लिए कैराना की सपा सांसद इकरा हसन से मिल चुके हैं। सांसद ने रेल संबंधी समस्याओं को संसद में उठाने का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि वह भाजपा के पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी से उनके आवास पर मिलकर मेरठ-पानीपत नई रेलवे लाइन के बजट अवमुक्त कराने दोहरीकरण और शामली के मेरठ करनाल हाईवे के 89 रेलवे फाटक पर उपरिगामी पुल निर्माण अन्य रेलवे संबंधी समस्याओं को रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव से मिल कर समाधान कराने का आश्वासन दिया।